शुक्रवार, 13 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. punjab lavish wedding rs 8.5 crore cash shower on bride video viral
Last Updated :तरनतारन , बुधवार, 18 फ़रवरी 2026 (18:08 IST)

पंजाब में दुल्हन पर नोटों की बारिश, 8.5 करोड़ कर दिए न्योछावर

Punjab lavish wedding
पंजाब की शादियां वैसे भी अपने 'स्वैग' के लिए जानी जाती हैं, लेकिन तरनतारन की एक शादी ने तो सोशल मीडिया पर नोटों का ऐसा तूफान खड़ा किया कि लोगों ने कैलकुलेटर ही बाहर निकाल लिए। 14 फरवरी को हुई इस शादी का वीडियो वायरल क्या हुआ, इंटरनेट की जनता ने इसे 'ग्रैंड कैश पार्टी' घोषित कर दिया। इसे लेकर दावा किया जा रहा है कि दुल्हन पर पूरे 8.5 करोड़ रुपए न्योछावर किए गए हैं।

क्या हैं वायरल वीडियो में 

वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि स्टेज पर दुल्हन खड़ी है और ऊपर से नोट ऐसे गिर रहे हैं मानो सावन की झड़ी लगी हो। मेहमान भांगड़े की थाप पर थिरक रहे हैं और फर्श पर नोटों का कालीन बिछा हुआ है। हवा में पैसे ऐसे उछल रहे थे जैसे किसी ने नोटों वाली गन चला दी हो।

यूजर्स बोले काश  AI से बना वीडियो हो 

काश यह कंटेंट AI से बनाया गया हो। वायरल वीडियो पर भी कुछ ऐसा ही रिएक्शन देखने को मिला। एक यूज़र ने कमेंट किया कि उम्मीद और दुआ है कि ये AI से बना हो। एक अन्य यूजर ने सुझाव दिया कि इतनी बड़ी रकम किसी गरीब के घर, भोजन या जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई पर खर्च की जा सकती थी। उन्होंने लिखा- प्यार जताने के और भी कई तरीके होते हैं। 
 
कुछ लोगों ने 8.5 करोड़ रुपए के दावे पर भी सवाल उठाए। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि अगर सच में 8.5 करोड़ रुपये होते, तो आयकर अधिकारी भी शादी में पहुंच जाते।  एक अन्य यूज़र ने सलाह दी कि क्यों न इसे किसी चैरिटी में दान कर दिया जाता? यकीन मानिए, उससे जो खुशी मिलती, वो अलग ही होती।” वहीं किसी ने लिखा कि यह बहुत ज्यादा है, खासकर तब जब कई लोग अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 
 

खबर फैली तो उड़ गई दूल्हे के परिवार की नींद 

जब खबर फैली कि साढ़े आठ करोड़ रुपए उड़ाए गए हैं, तो दूल्हे के परिवार की नींद उड़ गई। दूल्हे के भाई ने कहा कि मेरा भाई ऑस्ट्रेलिया में ट्रक का बिज़नेस करता है। हमने खुशी में पैसे ज़रूर उड़ाए, लेकिन भाईसाब... साढ़े आठ करोड़? ये तो कुछ ज़्यादा ही हो गया! असल में वे सिर्फ 2 लाख रुपए थे। सोशल मीडिया वालों ने तो हमारे बैंक अकाउंट में खुद ही करोड़ों रुपये जमा कर दिए। मीडिया खबरों के मुताबिक इवेंट मैनेजर ने भी साफ किया कि भाई यहां कोई खजाना नहीं लुटा है। उनके मुताबिक, कुल मिलाकर करीब 4 लाख रुपए ही न्योछावर गए थे। इसमें कुछ डॉलर भी शामिल थे। यानी कहां 4 लाख और कहां 8.5 करोड़। Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
युद्ध और अस्थिरता से जूझ रहे देशों में बढ़ रही मातृ मृत्यु दर, WHO ने जारी की रिपोर्ट