शनिवार, 18 अप्रैल 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Protest Against Sealing of Shops in Meerut's Central Market
Last Modified: मेरठ (उप्र) , गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 (13:11 IST)

मेरठ में दुकानों की सीलिंग का विरोध, व्यापारियों में भारी आक्रोश, आज बंद का किया ऐलान

Protest Against Sealing of Shops in Meerut's Central Market
Central Market Shop Sealing Dispute : मेरठ के सेंट्रल मार्केट में दुकानों पर की गई सीलिंग के विरोध में व्यापारियों ने गुरुवार को शहर बंद का आह्वान किया है। इस बंद को सफल बनाने के लिए 655 से अधिक व्यापारिक संगठनों और संघों ने समर्थन दिया है। संयुक्त व्यापार संघ ने इसके लिए 27 टीमें गठित की हैं। हालांकि आवश्यक सेवाएं जैसे दूध और ब्रेड की आपूर्ति जारी रहेगी और परिवहन सेवाएं भी प्रभावित नहीं होंगी। दवा दुकानों को बंद रखा जाएगा, जबकि निजी अस्पतालों में सुबह की ओपीडी बंद रहेगी, लेकिन इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।
 
पेट्रोल पंप दोपहर 3 बजे तक बंद रहेंगे। गैस की ऑनलाइन बुकिंग होने के कारण उसकी सप्लाई प्रभावित नहीं होगी, हालांकि एजेंसियों के शटर बंद रखे जाएंगे। इस बंद को जिला बार एसोसिएशन, पेट्रोल पंप एसोसिएशन और आईएमए का भी समर्थन मिला है।
 

आवास विकास विभाग के खिलाफ खोला मोर्चा

इस पूरे मामले को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आवास विकास विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। व्यापारियों का आरोप है कि सेंट्रल मार्केट में भू-उपयोग परिवर्तन के नाम पर अधिकारियों ने उनसे करोड़ों रुपए वसूले और एनओसी भी जारी की।
 

सुप्रीम कोर्ट में गलत जानकारी पेश की गई

इसके बावजूद सुप्रीम कोर्ट में गलत जानकारी पेश की गई, जिसके चलते 44 इमारतों को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल, सैकड़ों व्यापारी धरने पर बैठे हुए हैं।
 

अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान न्यायालय ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और पूछा कि अब तक सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इसके बाद 8 अप्रैल को आवास विकास, पुलिस प्रशासन और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
100 अरब डॉलर वैल्यूएशन के साथ रिलायंस रिटेल वैश्विक सूची में 7वें स्थान पर