शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Mumbai : 5 killed after speeding car drives into Bandra-Worli accident site, ambulance hit too
Written By
Last Updated : बुधवार, 5 अक्टूबर 2022 (10:57 IST)

मुंबई : बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर 4 कार और एक एम्बुलेंस टकराईं, 5 की मौत

मुंबई : बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर 4 कार और एक एम्बुलेंस टकराईं, 5 की मौत - Mumbai : 5 killed after speeding car drives into Bandra-Worli accident site, ambulance hit too
मुंबई। दशहरे के त्योहार के बीच महाराष्ट्र के मुंबई से एक बेहद दर्दनाक खबर आई है। मुंबई के बांद्रा वर्ली सी लिंक में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें अभी तक 5 लोगों की मौत की खबर है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, चार कारों और एक एंबुलेंस के बीच टक्कर होने से ये हादसा हुआ। 5 लोगों की मौत के अलावा इस हादसे में 10 लोगों के घायल होने की भी खबर है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा पश्चिमी उपनगर के बांद्रा को दक्षिण मुंबई के वर्ली से जोड़ने वाले सी लिंक पुल पर खंभा संख्या 76 और 78 के बीच तड़के करीब 3 बजे हुआ। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने इस हादसे में लोगों की मौत होने पर शोक व्यक्त किया।
 
पीएमओ ने एक ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हवाले से कहा कि मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर हुए हादसे में लोगों की मौत होने से दुखी हूं। शोकसंतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
 
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे की जांच के दौरान पता चला कि पहले एक कार पुल पर बने डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद उसकी सहायता के लिए एक एम्बुलेंस को भेजा गया। उन्होंने बताया कि दो अन्य कार चालकों ने मदद करने के लिए अपने वाहन रोके।
 
अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार ने सड़क पर खड़ी तीनों कार और एम्बुलेंस को टक्कर मार दी।
 
उन्होंने बताया कि एक महिला और सी-लिंक के एक कर्मचारी समेत 13 घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से पांच लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
 
पुलिस ने बताया कि 6 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के बाद घर जाने की अनुमति दे दी गई। Edited by Sudhir Sharma (प्रतीकात्मक चित्र)
ये भी पढ़ें
नागपुर में RSS का दशहरा समारोह : RSS का जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने पर जोर, मोहन भागवत बोले- किसी को छूट नहीं मिले