1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Minister Suresh Kumar Khanna targeted Akhilesh Yadav over cough syrup case
Last Modified: शाहजहांपुर (उप्र) , शनिवार, 20 दिसंबर 2025 (17:53 IST)

कफ सिरप केस में UP के मंत्री खन्ना ने अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- आरोपियों को बचाना चाहते हैं सपा अध्‍यक्ष यादव

Minister Suresh Kumar Khanna targeted Akhilesh Yadav over cough syrup case
Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कोडिंग युक्त कफ सिरप मामले को लेकर सरकार की गंभीरता के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बक्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने कफ़ सिरप मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव आरोपियों को बचाना चाहते हैं और जिस तरह से अखिलेश यादव का फोटो आरोपी के साथ सामने आया है, उस पर अखिलेश यादव को देश को यह बताना चाहिए कि उनका इनके साथ क्या संबंध है? देश यह जवाब चाहता है।

अखिलेश यादव लगातार सरकार के ऊपर इसलिए हमला बोलते हैं कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। सरकार ने कफ सिरप मामले में गंभीर धाराओं में आरोपियों के साथ-साथ 140 फर्म के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शाहजहांपुर स्थित अपने राज भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कोडीन युक्त कफ सिरप और मादक पदार्थ श्रेणी की औषधियों के अवैध कारोबार को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के बड़े नेता कोडीन सिरप तस्करों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। वित्तमंत्री ने कहा कि आरोपी के साथ सपा प्रमुख की तस्वीर इस बात का स्पष्ट सबूत है कि कौन लोग तस्करों के संरक्षण में खड़े हैं। वित्तमंत्री ने स्पष्ट किया कि कोडीन फॉस्फेट युक्त औषधियां औषधि नियमावली, 1945 के अंतर्गत सूचीबद्ध हैं और इनका विक्रय केवल चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर पंजीकृत औषधि विक्रेताओं द्वारा ही किया जा सकता है। उत्पादन से लेकर आपूर्ति और वितरण तक पूरी श्रृंखला सख्त नियंत्रण व्यवस्था के तहत संचालित होती है।

वित्तमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है और इसमें किसी भी राजनीतिक दबाव या सिफारिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आरोपी चाहे जो भी हो और कितना भी रसूखदार क्यों न हो, कानून से बच नहीं पाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के साथ समन्वय बनाकर कोडीन युक्त कफ सिरप तथा अन्य मादक औषधियों के अवैध भंडारण, क्रय-विक्रय, वितरण और डायवर्जन के मामलों में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य संगठित गिरोहों पर करारा प्रहार कर पूरे अवैध नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
योगी सरकार की सख्ती से अवैध ईंट भट्टों पर लगी लगाम, विनियमन से प्राप्त हुई 193.5 करोड़ की आय, प्रदूषण नियंत्रण में मिली बड़ी सफलता