मेरठ में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, क्या पबजी खेलने से गई कैफ की जान!
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के खैरनगर इलाके में 21 वर्षीय युवक मोहम्मद कैफ की दिमाग की नस फटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शनिवार रात वह काम से लौटने के बाद बिस्तर पर लेटा हुआ था और मोबाइल फोन देख रहा था। इसी दौरान अचानक उसने मोबाइल साइड में रखा और मां से पानी मांगा। इसके बाद उसे तेज खांसी का दौरा पड़ा, वह असंतुलित होकर गिर गया और सिर दीवार से टकरा गया। वही कुछ लोगों का दावा है कि मृतक पबजी खेलने का आदी था, जो उसके लिए जानलेवा साबित हो गया।
परिजन ने बताया कि कैफ जैसे ही दीवार से टकराकर जमीन पर गिरा, उसे उठाकर तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई। डॉक्टरों के अनुसार युवक का ब्लड प्रेशर 300 के आसपास पहुंच गया था, जिससे दिमाग की नस फट गई। हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां दो दिन तक इलाज चला, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक कैफ थाना दिल्ली गेट क्षेत्र के खैरनगर, गूलर वाली गली का रहने वाला था और प्रिंटिंग का काम करता था। परिवार उसकी शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। कैफ फोटोग्राफी और रील बनाने का शौकीन था तथा उसे फिल्में देखने का भी शौक था।
परिजनों ने साफ तौर पर ऑनलाइन गेमिंग खेलने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि कैफ ऑनलाइन गेमिंग का आदी नहीं था, बल्कि वह अक्सर रात में मोबाइल पर बॉलीवुड और डरावनी फिल्में देखा करता था। मां ने कई बार उसे ऐसी डरावनी फिल्में न देखने की सलाह भी दी थी। परिजनों के मुताबिक घटना वाले दिन भी वह मोबाइल पर फिल्म देख रहा था, तभी अचानक तेज सिरदर्द, घबराहट और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
हालांकि खबर में विरोधाभासी बातें भी सामने आ रही हैं। कुछ परिजनों और स्थानीय लोगों का दावा है कि कैफ पिछले कुछ महीनों से ऑनलाइन गेमिंग में अत्यधिक समय बिता रहा था और इसी कारण उसकी दिनचर्या और सेहत प्रभावित हो रही थी। कुछ लोगों का कहना है कि पहले भी उसको हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत हुई थी और उसने दवाइयां भी ली थी। कैफ की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन सरकार से ऑनलाइन गेमिंग पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग कर रहे हैं।
वही कैफ को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया है। क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि पबजी खेलते समय उसका ब्लेड प्रेशर हाई हुआ था जो उसकी मौत का कारण बन गया। यदि पुलिस-प्रशासन ने मामले की तह तक जाकर जांच करता है और जांच में यह साबित होता है कि ऑनलाइन गेमिंग या मोबाइल की लत से कैफ की मौत हुई है, तो यह मेरठ का ऐसा पहला मामला होगा।
प्रश्न यह भी उठता है कि यदि कैफ पबजी नही खेलता था और उस कारण से उसकी मौत नही हुई है तो परिवार ने देश के युवाओं और सरकार से गेम बंद करने की अपील क्यों लगाई है। मनोवैज्ञानिक मानते है कि मोबाइल, ऑनलाइन गेमिंग और अत्यधिक स्क्रीन पर रहना मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डालता है, इसलिए इन सबसे दूरी बनाकर रखें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
लेखक के बारे में
हिमा अग्रवाल