1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. meerut district court bomb threat court evacuated up police alert
Last Modified: सोमवार, 16 फ़रवरी 2026 (19:21 IST)

मेरठ जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली- सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

Meerut District Court bomb threat
मेरठ में सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से पूरा कोर्ट परिसर खाली करा दिया गया। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिवक्ता अपने चैंबरों से बाहर निकल आए जबकि सुनवाई के लिए पहुंचे वादकारी भी लौटने लगे। सुरक्षा कारणों से किसी को भी कोर्ट परिसर के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई। मेरठ कचहरी परिसर में एक सप्ताह के अंदर धमकी भरा यह दूसरा ईमेल मिला है, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी दोनों ई मेल के कंटेंट की जांच कर रहे है।

मुख्य ई-मेल आईडी पर मिला धमकी भरा संदेश

न्यायालय की आधिकारिक ई मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल मिलते ही हड़कंप मच गया। धमकी की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सिविल लाइन क्षेत्र के पुलिस अधिकारी और एलआईयू टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को बुलाया। साथ ही, कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

11:20 बजे का दिया गया था समय

धमकी भरे ईमेल में 11:20 बजे का समय लिखा हुआ था। अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए बिना विलंब सभी न्यायालय कक्षों को खाली कराना शुरू कर दिया। न्यायालय से जुड़े आधिकारिक ईमेल और सोशल मीडिया समूहों पर भी अलर्ट जारी किया गया। वहीं परिसर में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की भी तलाशी ली गई।
 

सभी अदालत कक्ष कराए गए खाली

सुरक्षा के मद्देनजर मेरठ जिला एवं सत्र न्यायालय भवन सहित अन्य सत्र न्यायालयों को भी खाली करा दिया गया। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कोई भी व्यक्ति भीतर प्रवेश न कर सके। धमकी के बाद न्यायिक अधिकारी सुरक्षित स्थान पर एकत्र हुए। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने परिसर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली, इस दौरान यूपी एटीएस भी पहुंच गई। दोपहर तक न्यायालयों को बंद रखा गया। अभी तक की जांच में पुलिस और जांच एजेंसियों को कुछ भी नही मिला है, फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की पड़ताल कर रही हैं। Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
X का सर्वर हुआ डाउन, APP और वेबसाइट पर यूजर्स को परेशानी