1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. ketan agarwal murder case chetan chaudhary bike seized siya goyal lohagad fort pune

Pune murder case : पुणे मर्डर केस में बड़ा खुलासा! चेतन चौधरी की बाइक और हूडी ने खोले राज, फॉरेंसिक जांच तेज

Pune Ketan Agarwal murder case
महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपियों में शामिल चेतन चौधरी की दोपहिया वाहन (बाइक) जब्त कर ली है। जांच एजेंसियों का मानना है कि 18 जून को चेतन इसी बाइक से लोहागढ़ किले पहुंचा था, जहां से केतन अग्रवाल को कथित तौर पर खाई में धक्का देकर हत्या की गई थी।
 
पुलिस ने बताया कि चेतन की उस दिन पहनी हुई हूडी और हेडफोन भी बरामद कर लिए गए हैं। इन सभी सामानों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत जुटाए जा सकें।

मंगेतर सिया गोयल को हत्या के लिए उकसाने का आरोप

 
पुलिस जांच के अनुसार, चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल को हत्या के लिए उकसाया था। दोनों की मुलाकात सिया के भाई के क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में उनका प्रेम संबंध शुरू हो गया।
 
जांच में सामने आया है कि केतन की हत्या की कई असफल कोशिशों के बाद चेतन ने सिया से कहा था कि यदि वह केतन को नहीं मार पाई तो वह खुद उसकी हत्या कर देगा।
 

सिया के माता-पिता और भाई से भी पूछताछ

 
मामले की जांच कर रही पुलिस ने सिया गोयल के माता-पिता प्रवीण गोयल, पूजा गोयल और भाई साहिल गोयल से भी पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वे हत्या की साजिश में किसी तरह शामिल थे और मामले से जुड़े विभिन्न तथ्यों का सत्यापन किया जा सके।
 
हालांकि, इससे पहले सिया के माता-पिता ने किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि यदि उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे फांसी दी जाए या उसी खाई से धक्का दे दिया जाए, जहां केतन की मौत हुई।
 

मुख्यमंत्री फडणवीस ने न्याय का दिया भरोसा

 
इस सप्ताह केतन अग्रवाल के परिवार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में तेजी से सुनवाई कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने मीडिया से कहा कि उनका परिवार न्याय मिलने तक अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
 
उन्होंने कहा कि हम अपने बेटे को न्याय दिलाने तक संघर्ष करते रहेंगे। कुछ लोग हमें संदेश भेज रहे हैं कि वे घटना के समय किले पर मौजूद थे, लेकिन पुलिस के सामने नहीं आ रहे हैं। मैं उनसे अपील करता हूं कि वे आगे आएं और जांच में सहयोग करें। उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Gujarat : गुजरात में बड़ा पल्स पोलियो अभियान शुरू! 82 लाख बच्चों को दी जाएगी जिंदगी बचाने वाली 2 बूंदें