शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. अमेरिका में अपने घर में मृत मिला भारतीय दंपति, बच्ची के रोने पर मौत का पता चला
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 9 अप्रैल 2021 (12:06 IST)

अमेरिका में अपने घर में मृत मिला भारतीय दंपति, बच्ची के रोने पर मौत का पता चला

Indian couple | अमेरिका में अपने घर में मृत मिला भारतीय दंपति, बच्ची के रोने पर मौत का पता चला
मुंबई। भारत का एक दंपति अमेरिका में अपने घर में मृत पाया गया। पड़ोसियों ने उनकी 4 साल की बेटी को बालकनी में अकेले रोते हुए देखा जिसके बाद उनकी मौत का पता लगा। परिवार के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 
बालाजी भारत रुद्रवार (32) और उनकी पत्नी आरती बालाजी रुद्रवार (30) बुधवार को न्यूजर्सी में अपने घर में मृत पाए गए। उनके पड़ोसियों ने बच्ची को रोते हुए देखा था और स्थानीय पुलिस को सूचना दी थी जिसके बाद पुलिस उनके घर में घुसी।

 
बालाजी के पिता भारत रुद्रवार ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को उन्हें इस घटना की जानकारी दी। मौत की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। अमेरिकी पुलिस ने बताया कि वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट साझा करेंगे। रुद्रवार ने कहा कि मेरी बहू 7 माह की गर्भवती थी। हम उनके घर गए थे और फिर से अमेरिका जाने की योजना बना रहे थे। मुझे मौत के पीछे की वजह नहीं पता है। वे खुश थे और उनके पड़ोसी भी अच्छे थे।
 
उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों ने मुझे बताया कि आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शवों को भारत पहुंचने में कम से 8 से 10 दिन का वक्त लगेगा। रुद्रवार ने कहा कि मेरी पोती अब मेरे बेटे के एक दोस्त के पास है। उसके स्थानीय भारतीय समुदाय में कई दोस्त थे। न्यूजर्सी में भारतीय लोगों की आबादी 60 प्रतिशत से अधिक है।
 
महाराष्ट्र में बीड़ जिले के अंबाजोगई के आईटी पेशेवर बालाजी रुद्रवार अगस्त 2015 में अपनी पत्नी के साथ अमेरिका गए थे। उनकी दिसंबर 2014 में शादी हुई थी। उनके पिता एक कारोबारी हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
World Corona Update: विश्व में कोरोना से 29 लाख से अधिक की मौत, भारत में संक्रमितों की संख्या बढ़ी