शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Chandidevi Temple
Written By निष्ठा पांडे
Last Updated : मंगलवार, 10 अगस्त 2021 (19:36 IST)

खुशखबरी! नीरज और वंदना नाम वालों को हरिद्वार का चंडीदेवी रोपवे 11 दिन तक फ्री

खुशखबरी! नीरज और वंदना नाम वालों को हरिद्वार का चंडीदेवी रोपवे 11 दिन तक फ्री | Chandidevi Temple
प्रमुख बिंदु
  • नीरज और वंदना नाम वालों को हरिद्वार का चंडीदेवी रोपवे 11 दिन तक फ्री
  • नीरज और वंदना के ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन की खुशी में फ्री यात्रा
  • भारत के प्राचीन मंदिरों में से एक है चंडीदेवी मंदिर
हरिद्वार। उत्तराखंड के पवित्र तीर्थ शहर हरिद्वार के चंडीदेवी मंदिर में दर्शनों को जाने वाले नीरज नामक पुरुषों और वंदना नामक महिलाओं के लिए खुशखबरी है। यहां रोपवे चलाने वाली कंपनी उषा ब्रेको लिमिटेड इन दोनों नाम वालों को मंदिर तक रोपवे से आगामी 11 दिन फ्री भेज रही है। ऐसा नीरज चोपड़ा के भाला फेंक में टोकियो ओलंपिक में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने और वंदना कटारिया के महिला हॉकी में शानदार खेल दिखाने की खुशी में किया जा रहा है।

 
इन दोनों नामों के लोग 11 से 22 अगस्त तक हरिद्वार के नील पर्वत पर स्थित सिद्धपीठ मां चंडीदेवी मंदिर के दर्शनों को इस रोपवे से फ्री भेजे जाएंगे। कंपनी के अनुसार नीरज और वंदना नाम के लोग जो सिद्धपीठ मां चंडीदेवी के दर्शन रोपवे में बैठकर फ्री में करना चाहते हैं, उन्हें कंपनी को अपना आधार कार्ड दिखाना होगा।

 
ऑफर के अनुसार आधार कार्ड में लड़कों या आदमियों का नाम नीरज होना चाहिए जबकि लड़कियों या महिलाओं का नाम वंदना होना चाहिए। नीरज चोपड़ा और वंदना कटारिया के ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने की खुशी को भुनाने के लिए कंपनी यह ऑफर लाई है। चंडीदेवी मंदिर हरिद्वार में हिमालय की दक्षिणी पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के पूर्वी शिखर पर मौजूद नील पर्वत के ऊपर स्थित है। यह मंदिर भारत में स्थित प्राचीन मंदिरों में से एक माना जाता है। देवी के 52 शक्तिपीठों में से एक माना जाने वाला चंडी देवी मंदिर देवी पार्वती के सिद्धपीठ की मान्यता रखता है।

 
पुरोहितों में सरकार के खिलाफ गुस्सा : चारधाम देवस्थानम बोर्ड के विरोध में आंदोलन कर रहे पंडों और तीर्थ पुरोहितों का अब सरकार के खिलाफ गुस्सा भड़कने लगा है। भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने के बाद अब उत्तराखंड में चारों धामों के तीर्थ पुरोहितों ने चारधाम देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर उग्र आंदोलन के साथ आमरण अनशन की चेतावनी भी दे दी है। महापंचायत 17 अगस्त के बाद पूरे प्रदेश में धामी सरकार के खिलाफ बिगुल बजाने जा रही है। चारधाम तीर्थ पुरोहित हक-हकूकधारी महापंचायत समिति के अध्यक्ष श्रीकांत कोटियाल ने कहा है कि प्रदेश सरकार देवस्थानम बोर्ड को निरस्त करने को लेकर गंभीर नहीं है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिस हाईपॉवर कमेटी बनाकर इसके समाधान करने की बात कह रहे हैं, वह उनको मंजूर नहीं है। पंडा पुरोहित समाज कहने लगा है कि अब वे लोग भारतीय जनता पार्टी को सबक सिखाने का काम करेंगे।
 
आंदोलन के दौरान चारधाम तीर्थ पुरोहित हक-हकूकधारी महा पंचायत समिति के लोग अलग-अलग क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों का अंडे और टमाटर से स्वागत किया जाएगा। उन्हें काले झंडे भी दिखाए जाएंगे। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, उखीमठ, रुद्रप्रयाग, देवप्रयाग, ऋषिकेश और देहरादून में भी आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत पंडा पुरोहित हक हकूकधारी समाज के लोग पहले क्रमिक अनशन करेंगे, फिर आमरण अनशन करेंगे।
ये भी पढ़ें
थलसेना ने जम्मू-कश्मीर में 100 फुट ऊंचा तिरंगा राष्ट्र को समर्पित किया