शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026
  1. चुनाव 2026
  2. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 न्यूज़
  4. gyanesh kumar protest kolkata kalighat temple election commission west bengal news 2026
Last Updated :कोलकाता , गुरुवार, 26 मार्च 2026 (14:32 IST)

कोलकाता के कालीघाट मंदिर के बाहर CEC ज्ञानेश कुमार को दिखाए काले झंडे, लगे 'वापस जाओ' के नारे

Gyanesh Kumar protest
पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सोमवार सुबह दक्षिण कोलकाता के प्रतिष्ठित कालीघाट मंदिर में विरोध का सामना करना पड़ा। दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे कुमार के खिलाफ कुछ लोगों ने 'वापस जाओ' के नारे लगाए और काले झंडे दिखाए। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया, जिसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त मंदिर में दर्शन करने आगे बढ़ सके।
इससे पहले रविवार रात कोलकाता पहुंचने पर भी उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन देखने को मिला था। हवाई अड्डे के बाहर उनके काफिले के निकलते समय तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर नाराजगी जताई और 'वापस जाओ' के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाकर चुनाव आयोग के फैसले का विरोध किया।
 
हवाई अड्डे के बाहर वाम दल के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त की तीन दिवसीय यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस दौरे के दौरान चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए राजनीतिक दलों, प्रवर्तन एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई अहम बैठकें प्रस्तावित हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी के साथ राज्य के दौरे पर हैं। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ सबसे पहले मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी और चुनाव से जुड़ी उनकी चिंताओं और सुझावों को सुनेगी।
दौरे के अंतिम दिन मंगलवार को आयोग की टीम मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इसके अलावा टीम बूथ स्तरीय अधिकारियों के साथ संवाद करेगी और कोलकाता से रवाना होने से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेगी। Edited by : Sudhir Sharma