Uttarakhand : खोया बैग और मोबाइल वापस मिलते ही भावुक हुई विदेशी महिला, पुलिसवालों को लगाया गले
भारत घूमने आई एक विदेशी महिला के चेहरे पर उस समय फिर से मुस्कान लौट आई, जब उत्तराखंड पुलिस ने उसका खोया हुआ बैग ढूंढकर सुरक्षित वापस कर दिया। ऋषिकेश यात्रा के दौरान महिला का बैग कहीं गुम हो गया था, जिसमें मोबाइल फोन, नकदी और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। बैग खोने के बाद महिला काफी परेशान और भावुक हो गई थी।
उत्तराखंड पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की गई इस घटना ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया। पुलिस ने बताया कि देहरादून पुलिस ने बैग मिलने के बाद विदेशी महिला का पता लगाया और उसके सभी सामान सुरक्षित लौटाए। बैग वापस मिलने के बाद महिला की आंखों में राहत और चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
पुलिस द्वारा शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि अधिकारी महिला को उसका बैग सौंप रहे हैं। अपना सामान सुरक्षित वापस पाकर महिला मुस्कुराते हुए पुलिसकर्मियों का धन्यवाद और उसने सभी को गले लगाया। यह भावुक पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
ऋषिकेश भ्रमण के दौरान विदेशी नागरिक के मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं पैसों से भरे गुम हुए बैग को देहरादून पुलिस द्वारा खोजकर वापस दिया गया, जिससे वह बहुत खुश हुए और आभार प्रकट किया।#UttarakhandPolice @DehradunPolice pic.twitter.com/JXjmtWIm9r
— Uttarakhand Police (@uttarakhandcops) May 24, 2026
इस घटना के बाद इंटरनेट यूजर्स ने उत्तराखंड पुलिस की ईमानदारी और तत्परता की जमकर सराहना की। कई लोगों ने लिखा कि ऐसी घटनाएं दुनिया भर के पर्यटकों के दिल में भारत की सकारात्मक छवि बनाती हैं। यूजर्स ने कहा कि जब किसी यात्री का पासपोर्ट, पैसे या जरूरी दस्तावेज खो जाते हैं, तो वह बेहद तनाव में आ जाता है। ऐसे में पुलिस की यह मदद किसी उम्मीद की किरण से कम नहीं है।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने यह भी कहा कि नकारात्मक खबरों के बीच ऐसी इंसानियत भरी कहानियों को भी उतनी ही जगह मिलनी चाहिए। लोगों ने इसे 'सच्ची सेवा' और 'भारत की मेहमाननवाजी' का खूबसूरत उदाहरण बताया। यह वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है और लोग उत्तराखंड पुलिस की इस पहल को दिल छू लेने वाला बता रहे हैं। Edited by : Sudhir Sharma

