मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Blast at Tata Steel plant in Jamshedpur
Written By
Last Updated : शनिवार, 7 मई 2022 (23:22 IST)

जमशेदपुर में टाटा स्टील के संयंत्र में विस्फोट, 3 लोग घायल

जमशेदपुर में टाटा स्टील के संयंत्र में विस्फोट, 3 लोग घायल - Blast at Tata Steel plant in Jamshedpur
जमशेदपुर (झारखंड)। झारखंड के जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील के संयंत्र की एक गैस पाइपलाइन में शनिवार को हुए विस्फोट में 3 लोग मामूली रूप से घायल हो गए।

कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विस्फोट पूर्वाह्न लगभग 10 बजकर 20 मिनट पर हुआ और घायल कर्मचारियों को टाटा मेन अस्पताल ले जाया गया और उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

इस्पात निर्माता ने यहां जारी बयान में कहा, आज सुबह, हमें कोक संयंत्र इकाई में धमाका होने की जानकारी मिली। इस इकाई का परिचालन नहीं हो रहा था और इसे तोड़ने का काम चल रहा था। हमारी आपात प्रतिक्रिया टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, इलाके को खाली कराया गया और स्थिति को काबू में लाया गया।

बयान में कहा गया कि दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति को निगरानी में रखा गया है। बयान में कहा गया है कि इस घटना का असर उत्पादन पर नहीं पड़ा है। इसके मुताबिक मानक सुरक्षा नियमावली के तहत घटना की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी गई और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

घटना के संबंध में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया, जमशेदपुर में टाटा स्टील संयंत्र में विस्फोट होने की खबर मिली है। जिला प्रशासन, टाटा स्टील प्रबंधन के साथ सामंजस्य बनाकर घायलों के त्वरित इलाज के वास्ते कार्यवाही कर रहा है।

कंपनी ने इससे पहले जारी बयान में कहा था, हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि आग लगने की घटना नहीं हुई है और मीडिया में इस संबंध में गलत खबर दी गई है। किसी आपात स्थिति में गैसों का गुबार उठना सामान्य प्रक्रिया है।बयान में कहा गया है कि एंबुलेंस और दमकलकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और इलाके को खाली कराया गया और स्थिति अब सामान्य है।

जमशेदपुर परिक्षेत्र के फैक्टरी निरीक्षक बिनित कुमार सिंह ने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।(भाषा)
ये भी पढ़ें
आग लगने पर क्या करें, कैसे बचाएं अपनी और दूसरों की जान