Chhattisgarh : कांकेर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 14 लाख के इनामी 3 नक्सली ढेर
Kanker Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रविवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 14 लाख रुपए के इनामी 3 नक्सली मारे गए। कांकेर के पुलिस अधीक्षक (ASP) इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि मुठभेड़ कांकेर और गरियाबंद जिलों की सीमा पर छिंदखड़क गांव के पास एक पर्वतीय वनक्षेत्र में हुई, जहां सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टीम सुबह नक्सल विरोधी अभियान के लिए निकली थी। हालिया कार्रवाई के साथ इस साल छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में अब तक 252 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 223 नक्सली बस्तर संभाग में मार गिराए गए।
उन्होंने बताया कि कांकेर और गरियाबंद से राज्य पुलिस की एक इकाई, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के जवान इस अभियान में शामिल थे।एसपी ने बताया कि घटनास्थल से एक महिला नक्सली समेत तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, साथ ही एक सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर), एक .303 राइफल, 12 बोर की एक बंदूक और नक्सलियों से संबंधित अन्य सामग्री भी मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतकों की पहचान माओवादियों की सीतानदी/रावस एरिया कमेटी के सचिव सरवन मड़कम उर्फ विश्वनाथ, नगरी एरिया कमेटी के एरिया कमेटी सदस्य राजेश उर्फ राकेश हेमला और मैनपुर-नुआपाड़ा सुरक्षा टीम की सदस्य बसंती कुंकजाम उर्फ हिड़मे के रूप में हुई है।
एसपी के मुताबिक, मड़कम और हेमला पर क्रमशः आठ लाख और पांच लाख रुपए का इनाम था, जबकि कुंजम पर एक लाख रुपए का इनाम था। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुंदरराज पी ने कहा कि चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बावजूद क्षेत्र में तैनात पुलिस और सुरक्षाबल जानमाल की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं।
उन्होंने नक्सलियों से इस वास्तविकता को स्वीकार करने की अपील की कि माओवाद विलुप्त होने के कगार पर है। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अब समय आ गया है कि वे (नक्सली) हिंसा का रास्ता छोड़ दें और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि अगर वे अवैध और हिंसक गतिविधियां जारी रखते हैं, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
हालिया कार्रवाई के साथ इस साल छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में अब तक 252 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 223 नक्सली बस्तर संभाग में मार गिराए गए। बस्तर संभाग में कांकेर सहित सात जिले शामिल हैं, जबकि 27 नकस्ली गरियाबंद में मारे गए, जो रायपुर संभाग में आता है। दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में दो अन्य नक्सली मारे गए।
पुलिस ने बताया कि 22 सितंबर को नक्सलियों के दो शीर्ष कैडर राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी (63) और कोसा दादा उर्फ कदारी सत्यनारायण रेड्डी (67) नारायणपुर जिले में एक मुठभेड़ में मारे गए। दोनों प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य थे। (इनपुट एजेंसी)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें