गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. At 43 Degrees, Delhi Records Hottest Day Of The Season
Written By
Last Updated : गुरुवार, 25 अप्रैल 2019 (00:06 IST)

दिल्ली में पारा 43 डिग्री सेल्सियस, मध्यप्रदेश में लू के थपेड़े

दिल्ली में पारा 43 डिग्री सेल्सियस, मध्यप्रदेश में लू के थपेड़े - At 43 Degrees, Delhi Records Hottest Day Of The Season
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार का दिन इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। शहर के कुछ हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
 
सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह तापमान मौसम के औसत तापमान से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
 
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक था, वहीं पालम वेधशाला ने सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया। लोधी रोड, रिज और आयानगर क्षेत्र में तापमान क्रमश: 41.9, 42 और 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 56 से 21 फीसदी दर्ज किया गया।
 
मौसम विभाग कार्यालय ने गुरुवार को शाम में आसमान में बादल छाए रहने, दूरदराज क्षेत्र में लू भरी हवा और धूल भरी आंधी चलने की आशंका जताई है।
 
मौसम विभाग के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख बीपी यादव ने कहा कि पारा कल 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, क्योंकि 25 अप्रैल तक उत्तरी मैदानी इलाके में आंधी और बारिश से जुड़ी स्थिति नहीं बन रही है।
 
मध्यप्रदेश में लू के थपेड़े : मध्यप्रदेश में लगातार चल रही गर्म हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर लू के हालत बन सकते हैं। 45.6 डिग्री तापमान के साथ खरगोन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा जो लू की चपेट में आ गया है।
 
राजधानी भोपाल में बुधवार को झुलसाने वाली गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। भोपाल में कल की तुलना में पारा कुछ और उछला और अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। भोपाल में यह इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। यहां न्यूनतम तापमान भी 24.4 डिग्री अंकित हुआ यह सामान्य से 1 डिग्री अधिक है।
 
प्रदेश में धार में 44.5 डिग्री, नौगांव में 44, होशंगाबाद में 43.9, दमोह और खजुराहो में 43.8, रायसेन में 43.6, खंडवा में 43.1, शाजापुर में 43.4,  बैतूल में 42.8, सागर में 42.5, सतना में 42.4, ग्वालियर में 42.5, उज्जैन में 42.4 और इंदौर में 41.5 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।
 
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रवक्ता ने अगले चौबीस घंटों में इंदौर, होशंगाबाद और चंबल संभाग के जिलों में कहीं कहीं लू चलने की चेतावनी देते हुए बताया कि प्रदेश का मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा।
 
भोपाल में भी आकाश साफ रहेगा और तापमान में इजाफा हो सकता है। यहां हवा की औसत गति 18 किमी प्रति घंटा रह सकती है।