एक और खौफनाक कांड! पत्नी ने लाइव लोकेशन शेयर कर प्रेमी से करवाया पति का कत्ल
Chittoor Husband Murder Case: अभी पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की आंच ठंडी भी नहीं हुई थी, जहां उसकी मंगेतर सिया गोयल ने अपने होने वाले पति को मौत की खाई में धकेल दिया था। ठीक वैसा ही दिल दहला देने वाला एक और मामला आंध्र प्रदेश के चित्तूर से सामने आया है। यहां एक पत्नी ने बेवफाई की सारी हदें पार करते हुए, अपनी मासूम बेटी की आंखों के सामने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या करवा दी। इस सनसनीखेज वारदात की साजिश के बारे में जानकर तो पुलिस के भी होश उड़ गए।
हसिनि का बेहद शातिर प्लान
मृतक की पहचान 23 वर्षीय रमेश के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में काम करता था। रमेश की शादी 2 साल पहले 19 वर्षीय हसिनि से हुई थी और दोनों की एक छोटी बेटी भी है। लेकिन हसिनि के दिल में पति के लिए नहीं, बल्कि अपने 20 साल के प्रेमी युगांधर के लिए जगह थी। शादी के बाद भी दोनों का अवैध संबंध जारी रहा और इस प्यार के बीच से रमेश को हटाने के लिए हसिनि ने एक बेहद शातिर प्लान तैयार किया। ALSO READ: केतन से लेकर इंदौर के राजा रघुवंशी तक! भाजपा सांसद ने दोहराई पुरुष आयोग की मांग, कहा- पुरुषों की भी सुनो
'लाइव लोकेशन' शेयर कर करवाया पति का कत्ल
अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए हसिनि ने बेहद प्यार से पति रमेश को गुडुपल्ले मंडल के श्री मल्लेश्वर स्वामी मंदिर चलने के लिए मनाया। रमेश अपनी पत्नी और मासूम बेटी को लेकर बाइक से निकल पड़ा। रमेश बेखबर होकर गाड़ी चला रहा था, लेकिन हसिनि रास्ते भर अपने प्रेमी युगांधर के साथ अपनी 'लाइव लोकेशन' शेयर कर रही थी। युगांधर और उसके भाड़े के हत्यारे लगातार उस लोकेशन का पीछा कर रहे थे।
मल्लप्पा कोंडा के सुनसान रास्ते पर पहुंचते ही हसिनि ने साजिश के तहत अपना पर्स नीचे गिरा दिया। रमेश ने जैसे ही बाइक रोकी, झाड़ियों में छिपे युगांधर और उसके साथी धारदार हथियारों के साथ बाहर निकल आए। जान बचाने के लिए रमेश अपनी बेटी और पत्नी के सामने ही करीब 100 मीटर तक भागा, लेकिन बेरहम हत्यारों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियारों से गोदकर उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी। इस खूनी खेल के दौरान मासूम बच्ची वहीं मौजूद थी।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
इस अंधे कत्ल का खुलासा तब हुआ जब हसिनि की खुद की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बेटी और नातिन लापता हैं। पुलिस ने जब जांच शुरू की और मंदिर के रास्ते के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, तो एक चौंकाने वाला सच सामने आया। जाते समय तो रमेश अपनी पत्नी के साथ दिख रहा था, लेकिन लौटते वक्त हसिनि अपने मृत पति की ही मोटरसाइकिल पर दो अनजान मर्दों (प्रेमी और उसके साथी) के साथ बैठकर वापस आ रही थी।
सभी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड्स (CDR) और सीसीटीवी फुटेज के पुख्ता डिजिटल सबूतों के आधार पर हसिनि, उसके प्रेमी युगांधर और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया है।
इसी तरह की 5 और घटनाएं
- इंदौर का सोनम रघुवंशी केस : इंदौर की सोनम रघुवंशी ने मई 2025 में शादी के तुरंत बाद मेघालय हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची। सोनम का अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ संबंध था। हनीमून के दौरान उसने कॉन्ट्रैक्ट किलर्स के जरिए अपने पति राजा को मेघालय में एक गहरी खाई में फिंकवा दिया। पुलिस ने तकनीकी जांच और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए इस साजिश का पर्दाफाश किया।
- सिया गोयल मामला : पुणे की 20 वर्षीय सिया गोयल की सगाई पुणे के एक बिजनेसमैन केतन अग्रवाल से हुई थी। शादी से कुछ दिन पहले जून 2026 में लोहागढ़ किले में ट्रैकिंग के दौरान केतन की 400 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। जांच में सामने आया कि सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को खाई से धक्का देने की साजिश रची थी।
- समिता कुमारी : समिता कुमारी, जो बिहार के सुपौल में मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) अधिकारी थी, ने अपने पति देव कुमार गुंजन की चलती ट्रेन में हत्या करवा दी। समिता का बिजली विभाग के एक तकनीशियन अजीत कुमार के साथ संबंध था। दोनों ने मिलकर 4 लाख की सुपारी दी। जून 2024 में जब गुंजन ट्रेन से यात्रा कर रहे थे, तब एक शूटर ने उन्हें गोली मार दी।
- मुस्कान रस्तोगी : मेरठ में मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की उसकी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने बेरहमी से हत्या कर दी। मार्च 2025 में, मुस्कान ने पहले पति को खाने में नशीली दवा दी। बेहोश होने पर प्रेमी के साथ मिलकर सौरभ की हत्या कर दी, उसके शरीर के करीब 15 टुकड़े किए और एक बड़े प्लास्टिक ड्रम में भरकर उसे सीमेंट के घोल से सील कर दिया।
- आंचल यादव : मार्च 2026 में सतना जिले से लापता हुए विपिन कुमार यादव की हत्या का खुलासा उसकी पत्नी आंचल के कारण हुआ। आंचल का शादी से पहले से ही सुनील कुशवाहा नाम के युवक से प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर विपिन की हत्या की और शव को पहले कुएं में फेंका, फिर बाद में खोदकर दूसरी जगह दफना दिया। जुलाई 2026 में पुलिस ने कंकाल बरामद कर आंचल और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया।

