शुक्रवार, 16 जनवरी 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. abducted young woman has been rescued in Meerut and accused has been arrested
Last Updated :मेरठ (उप्र) , शनिवार, 10 जनवरी 2026 (20:58 IST)

मेरठ में अपहृत युवती बरामद, आरोपी गिरफ्तार, काशी टोल प्लाजा पर दिनभर चला हंगामा

abducted young woman has been rescued in Meerut and accused has been arrested
Meerut Uttar Pradesh Crime News : सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में दलित महिला की हत्या और उसकी बेटी के अपहरण के मामले में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। काशी टोल प्लाजा पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद गांव जाने पर अड़ गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा और जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया।  इसी बीच एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने जानकारी दी कि मेरठ और सहारनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने फरार चल रहे आरोपी पारस को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत युवती को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।

जैसे ही समर्थकों को गांव जाने से रोके जाने की जानकारी मिली, टोल प्लाजा पर हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। इसी बीच एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने जानकारी दी कि मेरठ और सहारनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने फरार चल रहे आरोपी पारस को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत युवती को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक दोनों को हरिद्वार स्थित एक होटल से पकड़ा गया।
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने मीडिया को बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की सहायता से पुलिस को यह सफलता मिली है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
 
शनिवार सुबह से ही काशी टोल प्लाजा को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन के मेरठ पहुंचने पर उन्हें भी काशी टोल प्लाजा पर रोक लिया गया। इस दौरान पुलिस और सपा नेताओं, जिनमें सरधना विधायक अतुल प्रधान भी शामिल थे, के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
उधर, पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे चंद्रशेखर आज़ाद को पुलिस ने गाजियाबाद में रोक लिया था। इसके बाद वह पैदल दौड़ते हुए पुलिस को चकमा देकर बाइक से मेरठ के काशी टोल प्लाजा पहुंच गए। वहां पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। रोके जाने के बाद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि वह हर हाल में पीड़ित परिवार से मिलेंगे।

उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक मां की हत्या कर दी गई और बेटी का अपहरण कर लिया गया, जबकि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस नीति की बात की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर बहन-बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी नारजगी जाहिर करते हुए कहा कि कुछ लोग आरोपी के पक्ष में खड़े होकर बेटी का चरित्र हनन कर रहे हैं यह निंदनीय है।
अपहृत युवती की सुरक्षित बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है। फिलहाल कपसाड़ गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है, ताकि पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की धमकी या दबाव न झेलना पड़े।
Edited By : Chetan Gour 
ये भी पढ़ें
ममता बनर्जी ने CEC ज्ञानेश को लिखा पत्र, SIR को लेकर लगाए कई आरोप