अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत, भाई से मिलने झांसी जा रहे थे
माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा बुधवार को झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। ALSO READ: प्रतापगढ़ में मातम: 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत
पुलिस के अनुसार, आबान अहमद और उनके साथी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहे थे। अली अहमद को अक्टूबर 2025 में नैनी जेल से झांसी जेल शिफ्ट किया गया था। कार में पांच लोग सवार थे—आबान अहमद (अतीक अहमद के पुत्र), सोनू खान, अहजम (28, फटवा निवासी), मोहम्मद जैद (30) और उमर (24)।
थाना पूंछ इलाके के खिल्ली गांव के पास हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में आबान अहमद और सोनू खान की मौत हो गई। बाकी तीनों घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पूंछ थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी मोंठ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत सीएचसी मोंठ और फिर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य है।
अतीक अहमद की 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में पुलिस कस्टडी में हत्या कर दी गई थी। उनके एक बेटे असद अहमद का 13 अप्रैल 2023 को झांसी में एसटीएफ के एनकाउंटर में निधन हो चुका है। परिवार के अन्य सदस्यों में अली अहमद झांसी जेल में और उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद बताए जाते हैं।

