गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 2 more terrorists killed in Pulwama
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 19 जून 2020 (11:36 IST)

पुलवामा में मुठभेड़, मस्जिद के अंदर छुपे 2 और आतंकवादी ढेर

पुलवामा में मुठभेड़, मस्जिद के अंदर छुपे 2 और आतंकवादी ढेर - 2 more terrorists killed in Pulwama
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में 2 और आतंकवादी मारे गए। इसके साथ ही रातभर चली मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों की संख्या 3 हो गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने गुरुवार सुबह दक्षिण कश्मीर के पोम्पोर इलाके के मीज में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों पर आतंकवादियों की गोलीबारी के बाद अभियान मुठभेड़ में बदल गया। बल ने भी उनकी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया जिसमें गुरुवार को 1 आतंकवादी मारा गया था और 2 अन्य एक मस्जिद में घुस गए। अधिकारी ने बताया कि बल ने रातभर मस्जिद को घेरे रखा।
 
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह सुरक्षा बल ने आतंकवादियों को मस्जिद से बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले भी दागे। बाद में धार्मिक स्थल की पवित्रता बनाए रखते हुए बल ने आतंकवादियों को मार गिराया। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि आतंकवादियों को मस्जिद से बाहर निकालने के लिए न गोलीबारी की गई औ न ही आईईडी का इस्तेमाल किया गया।
 
आईजीपी ने कहा कि संयम और पेशेवराना अनुभव काम आए। न गोलीबारी की गई और न आईईडी का इस्तेमाल। केवल आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया गया। मस्जिद की पवित्रता बनाए रखी। मस्जिद के अंदर छुपे दोनों आतंकवादी मारे गए हैं। इस बीच एक अधिकारी ने बताया कि शोपियां जिले के मुनांद-बंदपावा इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गुरुवार को शुरू हुई मुठभेड़ शुक्रवार को भी जारी है। वहां गुरुवार को 1 आतंकवादी मारा गया था। (भाषा)