गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By वार्ता

आपातकाल नहीं, मार्शल लॉ-बेनजीर

आपातकाल नहीं, मार्शल लॉ-बेनजीर -
पीपीपी अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो ने देश में आपातकाल लागू किए जाने की कड़ी आलोचना करते हुए इसे मार्शल लॉ करार दिया है।

बेनजीर ने कहा कि यह मार्शल लॉ है, जिसे आपातकाल का नाम दिया गया है। जब संविधान को ही निलंबित कर दिया गया है तो आपातकाल के कोई मायने नहीं हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि जनरल परवेज मुशर्रफ ने संभावित अदालती फैसले के डर से देश में आपातकाल लगाया है, लेकिन पाकिस्तान के लोग इस स्थिति को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जजों को हटाने से देश में कानून का राज कमजोर होगा और मुल्क तानाशाही की ओर बढ़ेगा।

आपातकाल हटाने की माँग करते हुए पीपीपी अध्यक्ष ने कहा कि मुशर्रफ ने अवाम के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि जनरल मुशर्रफ और उनके लोग देश में आपातकाल लागू करके आम चुनाव को कम से कम एक या दो साल के लिए टालना चाहते हैं।

बेनजीर ने कहा कि हम समय पर चुनाव चाहते हैं, लेकिन संविधान के निलंबित होने के कारण स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव होना नामुमकिन है। संविधान की बहाली सुनिश्चित करने के लिए उनकी अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ चर्चा करने की योजना है।