गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. नरेन्द्र मोदी
  3. नरेन्द्र मोदी
  4. नरेंद्र मोदी की संपत्ति 14 लाख बढ़ी
Written By भाषा
Last Updated :वाराणसी , शनिवार, 26 मई 2018 (16:02 IST)

नरेंद्र मोदी की संपत्ति 14 लाख बढ़ी

Narendra Modi | नरेंद्र मोदी की संपत्ति 14 लाख बढ़ी
वाराणसी। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने 1.65 करोड़ रुपए की अपनी कुल संपत्ति होने का आज खुलासा किया जो पखवाड़े भर पहले ही वड़ोदरा लोकसभा सीट के लिए की गई उनकी घोषणा से 14.34 लाख रुपए अधिक है।
 
गुजरात के मुख्यमंत्री की संपत्ति उनके मुख्य प्रतिद्वंदी एवं आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल से 68 लाख रुपए अधिक है, जिन्होंने कल घोषणा की थी कि उनके पास 96.25 लाख रुपए की संपत्ति है। 
 
हालांकि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उनकी पत्नी सुनिता की संयुक्त रूप से चल एवं अचल संपत्ति 2.14 करोड़ रुपए की है। वाराणसी सीट के लिए दाखिल किए गए मोदी के हलफनामे के मुताबिक उनकी संपत्ति में वृद्धि हाथ में अधिक नकदी आने और उनका बैंक बैलेंस बढ़ने से हुई है।
 
वड़ोदरा में हलफनामे में संपत्ति की घोषणा किए जाने के बाद से भाजपा नेता के पास नकदी में 3,000 रुपए की वृद्धि हुई है जबकि बैंक बैलेंस में करीब 14 लाख रुपए की वृद्धि हुई है। शेष दोनों दस्तावेज का अन्य तमाम ब्योरा समान है।
 
मोदी की पत्नी जशोदा बेन के वित्तीय एवं अन्य ब्योरे के बारे में वाराणासी में दाखिल किए गए हलफनामे में 'जानकारी नहीं' होने की बात कही गई है। जैसा कि पहले के हलफनामे में भी कहा गया था। 
 
हलफनामे में इस बात का जिक्र है कि मोदी के नाम से वाराणसी में एक चुनाव बैंक खाते में 21 अप्रैल को 5,000 रुपए जमा हैं, जबकि उनके वड़ोदरा चुनाव खाते में 25.52 लाख रुपए जमा हैं। हलफनामे में गुजरात शहर के अन्य विभिन्न खातों का भी जिक्र किया गया है।
 
हलफनामे के मुताबिक मोदी के पास हाथ में कुल नकद राशि 32,700 रुपए, बैंक जमा 26.05 लाख रुपए और सावधि जमा 32.49 लाख रुपए है। उनके निवेश में आयकर बचाने वाले 20,000 रुपए के एल एंड टी इंफ्रा बांड और 4.34 लाख रुपए के डाक बचत तथा बीमा पॉलिसी शामिल हैं। 
 
उनके पास सोने की चार अंगूठियां भी हैं, जिनकी कीमत 1.35 लाख रूपया है जबकि उन्हें आयकर रिफंड के तौर पर 2011-12 में 54,403 रुपए और 2012-13 में 61,065 रुपए प्राप्त हुए।
 
अपनी पत्नी के वित्तीय ब्योरे के बारे में हलफनामे में 'जानकारी नहीं' का जिक्र है, जबकि उनके (पत्नी के) पेशे या व्यवसाय के बारे में भी यही बताया गया है। अपने लिए मोदी ने अपना पेशा 'सार्वजनिक जीवन, राजनीतिक गतिविधि' बताया है।
 
अपनी अचल संपत्ति के रूप में मोदी ने गांधीनगर में एक करोड़ रुपया बाजार मूल्य का एक आवासीय भूखंड का मालिकाना हक रखने की घोषणा की है। हलफनामे के मुताबिक मोदी ने कोई ॠण नहीं ले रखा है, न ही उन पर कोई बकाया है। उन्होंने अपने खिलाफ कोई मामला लंबित नहीं होने की भी बात कही है।
 
हलफनामे में वित्तीय वर्ष 2012-13 के लिए दाखिल किए गए आयकर रिटर्न के मुताबिक मोदी की आय 4,54,094 रुपए बताई गई है, जबकि 2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले मोदी द्वारा दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2011 -12 के लिए उनकी आय 1,50,630 रुपए है। 
 
हलफनामे के मुताबिक मोदी के पास कोई वाहन नहीं है। इसके अलावा मोदी ने कोई पसर्नल लोन : किसी व्यक्ति या कंपनी को अग्रिम राशि नहीं दी है। वहीं, केजरीवाल से जुड़े छह मामले हैं, जो विभिन्न अदालतों में लंबित हैं। (भाषा)