• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 14 फ़रवरी 2013 (19:07 IST)

रोहिंटन नरीमन का सॉलिसिटर पद से इस्तीफा

रोहिंटन नरीमन
वरिष्ठ अधिवक्ता रोहिंटन नरीमन ने भारत के सॉलिसिटर जनरल पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसी अफवाह है कि उन्होंने कानून मंत्री अश्विनी कुमार से मतभेदों के कारण यह कदम उठाया है।

छप्पन वर्षीय नरीमन को 23 जुलाई 2011 को देश के दूसरे सबसे वरिष्ठ विधि अधिकारी के रूप में सॉलिसिटर जनरल पद पर नियुक्त किया गया था। उन्होंने अपना त्याग पत्र प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह के पास भेजा है और इसकी एक प्रति कानून मंत्री को भेजी है। नरीमन ने अपने त्याग पत्र में पद छोड़ने का कोई कारण नहीं बताया है।

ऐसी अटकलें हैं कि नरीमन कानून मंत्री अश्विनी कुमार तथा मंत्रालय के कुछ निर्देशों को लेकर खुश नहीं थे। माना जाता है कि वे सरकार की ओर से अपने पास पहुंच रहे कुछ निर्देशों के तरीके को लेकर भी अप्रसन्न थे। जब कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, मैं अपने सहयोगी के प्रति शुभकामना व्यक्त करता हूं।

मंत्री ने इस्तीफे के मुद्दे पर ज्यादा कुछ बोलने से इनकार कर दिया। सूत्रों ने कहा कि पद से इस्तीफा देना किसी व्यक्ति का खुद का फैसला होता है। रोहिंटन नरीमन को चौदह जुलाई 2011 को तत्कालीन सॉलिसिटर जनरल एसजी गोपाल सुब्रमण्यम के इस्तीफा देने के बाद इस पद पर नियुक्त किया गया था। (भाषा)