शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

प्यार, इकरार और अब तकरार!

चाँद ने मेरे जज्बातों से खिलवाड़ किया-फिजा

प्यार, इकरार और अब तकरार! -
PTIPTI
बहुचर्चित चाँद-फिजा प्रेम प्रसंग में सोमवार को उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब फिजा ने हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन उर्फ चाँद पर उसका इस्तेमाल करने और भावनाओं से खिलवाड़ करने का पहली बार आरोप लगाया।

फिजा ने चाँद से उनके विवाह के बारे में स्थिति स्पष्ट करने के लिए भी कहा। बुरी तरह बिफरी फिजा ने अपने निवास के बाहर संवाददाताओं से कहा कि चाँद को यह बात साफ करनी चाहिए कि वह चंद्रमोहन है या वह व्यक्ति जिसने इस्लाम अपनाकर मुझसे विवाह किया था।

इससे एक दिन पहले चाँद ने कहा था कि वह आज भी अपनी पहली पत्नी सीमा से बेहद प्यार करता है और उसे अपने बीवी बच्चों की याद सताती है। फिजा ने कहा कि चाँद को अपनी बात साफ कहने दो। फिजा ने यह दावा भी किया कि उसकी जान को खतरा है।

फिजा ने कहा कि चाँद कहता था कि वह मुझसे मोहब्बत करता है और हमेशा मेरे साथ रहेगा, लेकिन अब मुझे अहसास होता है कि चाँद ने मेरे जज्बातों के साथ खिलवाड़ किया। उसने धर्म की आड़ लेकर एक औरत का मखौल उड़ाया है।

हालाँकि चाँद के खिलाफ किसी कानूनी कार्रवाई के बारे में फिजा ने कुछ नहीं कहा। उल्लेखनीय है कि दो महीने पहले पूर्व अतिरिक्त एडवोकेट जनरल अनुराधा बाली उर्फ फिजा के साथ ब्याह रचाने के लिए इस्लाम अपनाने के कारण सुर्खियाँ बटोरने वाले चाँद ने तब सार्वजनिक रूप से फिजा के प्रति अपने 'अमर प्रेम' का दावा किया था।

फिजा के बारे में चाँद ने कहा था कि मैं उसका सम्मान करता हूँ। उल्लेखनीय है कि फिजा ने कथित रूप से आत्महत्या की कोशिश की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और जमानत पर रिहा कर दिया था।

चंद रोज पहले चाँद के अपहरण की बात कहकर फिजा ने सनसनी फैला दी थी। बीते साल नवंबर में अनुराधा से विवाह के बाद उनके परिवार ने चाँद को बेदखल कर दिया था। चाँद को उपमुख्यमंत्री की कुर्सी से भी हाथ धोना पड़ा था।