शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

दलितों के घर हनीमून और पिकनिक मनाने जाते हैं राहुल: बाबा रामदेव

दलितों के घर हनीमून और पिकनिक मनाने जाते हैं राहुल: बाबा रामदेव -
FILE
लखनऊ। योगगुरु बाबा रामदेव ने एक नए विवाद को जन्म देते हुए शुक्रवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और कहा कि वे दलितों के घर हनीमून और पिकनिक मनाने जाते हैं।

रामदेव ने आज यहां कहा, वे (राहुल) दलितों के घर हनीमून और पिकनिक मनाने जाते हैं, लेकिन यदि उन्होंने किसी दलित लड़की से शादी कर ली होती तो उनकी किस्मत जाग गई होती और वे प्रधानमंत्री बन गए होते। उन्होंने तंज करने के लहजे में कहा कि मोदी और बाबा रामदेव राहुल की तरह मजबूरी में फकीर नहीं बने हैं।

रामदेव ने कहा, उस बेचारे की किस्मत खराब है। उनकी मम्मी कहती हैं कि यदि तुम विदेशी लड़की से शादी करोगे तो प्रधानमंत्री नहीं बन पाओगे और वे देशी लड़की से शादी नहीं करना चाहते। उनकी मम्मी चाहती हैं कि वे पहले प्रधानमंत्री बन जाएं फिर विदेशी लड़की लाएं। उन्होंने अपने योग शिविरों में भाजपा का प्रचार किए जाने के कांग्रेस के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके शिविर पूरी तरह गैर राजनीतिक हैं और वे चुनाव के बाद इस पार्टी को 'अनुलोम-विलोम और शीर्षासन' करवाएंगे।

और क्या कहा बाबा ने, अगले पन्ने पर...


रामदेव ने कहा, मेरे योगदीक्षा के शिविर गैर-राजनीतिक हैं। इनमें कोई वोट नहीं मांगा जाता है। मीडिया में अपनी बात रखना मेरा संवैधानिक अधिकार है। हिन्दुस्तान कांग्रेस की बपौती नहीं है।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने हाल के दिनों से अब तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित रामदेव के योग शिविरों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि उनमें भाजपा का प्रचार किया जा रहा है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष सत्यदेव त्रिपाठी ने कहा था कि पार्टी चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेगी। रामदेव ने कहा, मैं 30 अप्रैल को अमेठी जा रहा हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार राहुल गांधी 100 फीसदी चुनाव हार रहे हैं। आम आदमी पार्टी प्रत्याशी कुमार विश्वास ने वहां जो फसल बोई है, उसे भाजपा की स्मृति ईरानी काटेंगीं। कई बार ऐसा होता है कि बोता कोई है और काटता कोई और है।

उन्होंने कहा, सोनिया की तबीयत नासाज है, इसलिए दया कर दी और रायबरेली नहीं गया। बेटा खतरनाक है, उसका इलाज करना है। कांग्रेस को 'अनुलोम-विलोम और शीर्षासन' करवाएंगे।

योगगुरु ने कहा, पति रॉबर्ट वाड्रा की बात आती है तो प्रियंका गांधी कहती हैं कि उनके परिवार को जलील किया जा रहा है। जब बाबा को टारगेट किया जाता है, एक हजार मुकदमे लादे जाते हैं तो क्या पुरस्कार दे रहे थे। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के शीर्ष नेता जेल जाएंगे। (भाषा)