शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

गुजरात में जसवंत की किताब पर प्रतिबंध

गुजरात में जसवंत की किताब पर प्रतिबंध -
भाजपा से निष्कासित जसवंतसिंह को दूसरा झटका देते हुए गुजरात की नरेंद्र मोदी सरकार ने पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना पर लिखी गई किताब में सरदार वल्लभभाई पटेल की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए पूर्व रक्षामंत्री की विवादास्पद किताब को राज्य में प्रतिबंधित कर दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में एक अधिकारी ने बताया कि जसवंतसिंह की किताब ‘जिन्ना इंडिया, पार्टिशन, इंडिपेंडेंस’ को राज्य में प्रतिबंधित करने के लिए गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी की है।

उन्होंने कहा कि पुस्तक को प्रतिबंधित कर दिया गया है क्योंकि इसमें उल्लेखित कुछ संदर्भों से सरदार पटेल की छवि धूमिल होती है। प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

इस किताब में पाकिस्तान के संस्थापक एमए जिन्ना की तारीफ की गई है और भारत के बँटवारे के लिए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू तथा पटेल को उत्तरदायी बताया गया है।

गुजरात सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि किताब को प्रतिबंधित कर दिया गया है क्योंकि इसमें आधुनिक भारत के निर्माता माने जाने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल के बारे में अपमानजनक टिप्पणियाँ हैं।

उन्होंने कहा कि अभी तक किसी ने नहीं माना था कि देश के बँटवारे के लिए कहीं दूर-दूर तक भी सरदार वल्लभ भाई पटेल उत्तरदायी थे। इसे राजनीतिक फैसला माने जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि यह एक प्रशासनिक निर्णय है।

मंत्री ने कहा कि यदि इसे प्रतिबंधित नहीं किया जाता है तो यह किताब गुजरात में सरदार पटेल की छवि को धूमिल करेगी।