शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By WD

अमेरिका-भारत में स्थापित होंगे सामरिक संबंध

अमेरिका-भारत में स्थापित होंगे सामरिक संबंध -
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की अगले माह होने वाली भारत यात्रा से न केवल दुनिया के दो विशाल लोकतंत्रों के बीच संबंध मजबूत होंगे बल्कि दुनिया की एकमात्र महाशक्ति और एशिया से उभरने वाली वैश्विक ताकत के बीच सही मायने में सामरिक संबंध स्थापित हो सकेंगे।

ओबामा की आगामी भारत यात्रा के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति की यात्रा में दोनों देशों के बीच संबंधों में हुई प्रगति का जायजा लिया जाएगा।

राष्ट्रपति ओबामा की बहु प्रतीक्षित भारत यात्रा का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है, लेकिन संभावना है कि वह मुंबई से अपना दौरा शुरू करेंगे। भारत आने वाले वह छठे अमेरिकी राष्ट्रपति होंगे।
मुंबई से उनकी भारत यात्रा की शुरुआत इस बात का संकेत होगी कि भारत का आर्थिक दबदबा बढ़ रहा है तथा दुनिया में बॉलीवुड के प्रभाव का भी विस्तार हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि ओबामा मुंबई में एक रात रुकेंगे और मुंबई आतंकी हमले में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि देंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति सीमा पार से आने वाले आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे युद्ध में भारत के साथ एकजुटता दिखाने के मकसद से यह करेंगे।

निर्वाचित होने के बाद ओबामा दुनिया के उन चुनिंदा नेताओं में से थे जिन्होंने मुंबई आतंकी हमले के फौरन बाद अमेरिका में भारत के राजदूत रोनेन सेन को फोन किया और हमले को अंजाम देने वालों को कानून के शिकंजे में जकड़ने के लिए भारत के साथ काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु करार पूर्ववर्ती बुश प्रशासन के कार्यकाल का मुख्य बिन्दु था जबकि ओबामा प्रशासन के कार्यकाल में आतंकवाद निरोध सहयोग काफी बढ़ा है। दो साल से कम की अवधि में सीआईए और एफबीआई प्रमुखों की भारत यात्रा इस बात की ओर संकेत करती है।

उन्होंने कहा कि इस प्रशासन के साथ आपने संबंधों में प्रगति और विकास देखा होगा। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया अमेरिका के विभिन्न प्रशासनों, क्लिंटन प्रशासन, बुश प्रशासन और अब ओबामा प्रशासन में निरंतर चल रही है। सभी ने भारत और अमेरिका के संबंधों पर खास जोर दिया है।(भाषा)