1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Who is Siya boyfriend Chetan Chaudhary 2,004 calls in six months

कौन है सिया का प्रेमी चेतन चौधरी, 6 महीनों में 2004 कॉल, 238 घंटे बातचीत और मर्डर के 3 प्लान

siya ketan chetan
महाराष्ट्र के पुणे जिले में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की सुनियोजित तरीके से खाई में धक्का देकर हत्या की गई और फिर उसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मंगलवार को यह सनसनीखेज खुलासा किया। हालांकि केतन की मौत पर उसकी मंगेतर सिया ने बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान पैर फिसलने से वह खाई में गिर गया और मौत हो गई। सिया का कथित बायफ्रेंड चेतन चौधरी भी इस साजिश में शामिल है।

पुलिस ने अचानक हुई मौत का मामला दर्ज किया। शुरुआत में इस मामले को एक सामान्य हादसा मानते हुए आकस्मिक मृत्यु (ADR) दर्ज की थी। लेकिन जब जांच गहराई से आगे बढ़ी, तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मोबाइल रिकॉर्ड्स में सिया और एक अन्य युवक के बीच 2,004 फोन कॉल्स, घटना से पहले इंटरनेट कनेक्शन बंद किया जाना, लापता पासपोर्ट और अंतिम संस्कार के सिर्फ चार दिन बाद आरोपी का मृतक के घर पहुंचना जैसे सुरागों ने पूरी कहानी बदल दी।
इधर केतन और सिया का परिवार उन दोंनों की शादी की तैयारियों को लेकर व्यवस्था कर रहे थे वहीं सिया पहले से ही किसी और के साथ प्रेम संबंध में थी। सिया चेतन चौधरी चौधरी के साथ एक साल से प्रेम संबंध में थी। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक वे एक दूसरे को 1 साल से जानते थे। 1 जनवरी से 18 जून तक सिया और चेतन ने 2004 कॉल किए।

6 महीनों में 238 घंटे बातचीत, हत्या के 3 प्लान : इन 6 महीनों में उन्होंने 238 घंटे बातचीत की। जांच में यह भी सामने आया कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे अपने तथा चेतन के रिश्ते में बाधा मानती थी। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि साजिश के तहत सिया घूमने के बहाने केतन को लोहागढ़ किले पर ले गई, बाद में चेतन को भी वहां बुलाया गया और दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

हत्या का पहला प्रयास : केतन को मौत की नींद सुलाने का पहला प्रयास 14 जून को किया गया था। सिया केतन को लोहागढ़ किले में वापस लेकर गई। इस प्लान में चेतन चौधरी शामिल था। आरोप है कि उस दिन उन्होंने डर का फायदा उठाने का तरीका चुना था। एक सांप का दिखना, अचानक से डर का माहौल बनाना, इतना सदमा और भ्रम पैदा करना कि केतन खाई के किनारे की ओर धकेल दिया जाए। उन्होंने सांप के हमले का नाटक करके दहशत फैलाने की कोशिश की। लेकिन कुछ गड़बड़ हो गई। केतन, जो अपने आसपास हो रही साजिशन घटनाओं से बेखबर था, इस बात से अंजान था कि उसके साथ ट्रेकिंग पर आए दोस्तों और मंगेतर ने कुछ और ही प्लान बना रखा था। उसने वैसा व्यवहार नहीं किया जैसा उन्होंने चाहा था। वह किनारे की ओर पीछे नहीं हटा। वह गिरा नहीं। इस वजह से पहला अटेम्पट फेल हो गया।

हत्या का दूसरा प्लान : 14 जून के असफल प्रयास के बाद जो कुछ हुआ, उसके लिए सिया को एक कारण ढूंढना पड़ा। एक ऐसा विश्वसनीय और मासूम सा लगने वाला कारण जिससे केतन को एक बार फिर उसी किले में वापस लाया जा सके। उसे यह कारण अपने जन्मदिन में ही मिल गया। सिया गोयल का जन्मदिन 19 जून को था। उन्होंने केतन से कहा कि वह इसे लोहागढ़ किले में मनाना चाहती हैं। उन्होंने किले में पिकनिक का सुझाव दिया, कुछ निजी, कुछ यादगार पल। उन्होंने परिवार के सदस्यों और दोस्तों को बुलाया। उन्होंने एक समूह बनाया। उन्होंने इसे एक भव्य उत्सव की तैयारी जैसा बना दिया। केतन, जिसने पहले ही अपनी प्रेमिका के जन्मदिन के लिए महाबलेश्वर के एक आलीशान रिसॉर्ट में 40 कमरे बुक करा रखे थे वह मान गया।

वह साथ ही साथ जन्मदिन का सरप्राइज भी प्लान कर रहा था। उसे शक करने का कोई कारण नहीं था कि पिकनिक का फैसला उसकी प्रेमिका की उस जगह पर समय बिताने की इच्छा के अलावा कुछ और हो सकता है, जहां वह समय बिताना चाहती थी। वह किले में वापस चला गया।

इसके बाद 18 जून को यह ग्रुप लोहागढ़ पहुंचा। हलांकि चेतन चौधरी उस में शामिल नहीं था। उसने अपना फोन दुकान पर छोड़ दिया था। फिर यह पूरा ग्रुप किले की एक ऐसी जगह पर पहुंचा जहां से गहरी खाई नीचे जा रही थी। इस बीच चेतन भी आ गया। मृतक केतन के पिता ने बताया कि इसके बाद सिया और चेतन उसके साथ ऊपर गए और पीछे से उसके कुछ मारा और फिर नीचे फेंक दिया। केतन 400 फीट की ऊंचाई से गिर गया और खाई से टकराने के बाद मौत हो गई। फिर सिया ने पुलिस को झूठी कहानी रचकर सूचना दी।

इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट का ड्रामा : सिया ने केतन की मौत की खबर फैलने के बाद इंस्टाग्राम पर एक भावुक स्टोरी शेयर की। जिसमें उसने लिखा कि तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर छोड़कर चले गए. जब ​​हम शादी के बेहद करीब थे, तब तुम मुझे छोड़कर चले गए। मुझे अब भी समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया। सिया ने आगे लिखा कि मैंने सपने देखे थे, मेरे मन में कई सवाल थे जिनके जवाब मुझे कभी नहीं मिलेंगे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तब तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया? तुम्हारी आत्मा को शांति मिले। उस इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट भी अब पुलिस जांच का हिस्सा है, जिसकी जांच की जा रही है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
बेंगलुरु में होगा 'यूपी ग्लोबल ग्रोथ डायलॉग' का आयोजन, देश के कई दिग्गज उद्योगपति होंगे शामिल