गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. weather
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शनिवार, 3 जनवरी 2015 (18:25 IST)

मौसम की मार से जनजीवन अस्त-व्यस्त

मौसम की मार से जनजीवन अस्त-व्यस्त - weather
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार की सुबह बारिश की फुहारों के बीच हुई। हालांकि तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी का कहना है कि आज कुछ इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है। दिल्ली, नोएडा, राजस्थान और हैदराबाद में कड़ाके की ठंड के साथ ही स्वाइन फ्लू फैलने से 10 लोगों की मौत हो गई। 
 
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सात मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी और इसके परिणामस्वरूप सुबह 8.30 बजे दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई और आर्द्रता 98 प्रतिशत दर्ज की गई थी।
 
अमृतसर समेत पंजाब के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है और इस कारण से इस प्रदेश में सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। राजधानी दिल्ली के एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी (दृश्यता) 500 मीटर मापी गई और रनवे पर 1000 मीटर तक की दूरी तक ही देखा जा सकता है। दिल्ली आने वाले 7 विमान रद्द कर दिए गए हैं और 4 देरी से उड़ रहे हैं। दिल्ली से जाने वाले 4 विमानों को रद्द कर दिया गया है और वहीं 6 विमान देरी से उड़ रहे हैं। 
 
मौसम की मार का असर रेल यातायात पर भी बहुत अधिक हुआ है जिसके परिणामस्वरूप 12501/12502- उत्तर-संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 12037/12038- लुधियाना शताब्दी, 12043/12044- मोगा शताब्दी, 12435/12436- दिब्रूगढ राजधानी और 13007/13008- तूफान एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है।

कोहरे और ठंड के चलते आज देश भर में 28 ट्रेनें लेट हैं, जबकि 20 ट्रेनें रद्द कर दी गई है। अमृतसर दादर एक्सप्रेस 3 घंटे 44 मिनट की देर से चल रही है। वाराणसी से मुंबई जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस लगभग पौने चार घंटे की देरी से चल रही है। नई दिल्ली से सियालदह जाने वाली सियालदह राजधानी 2 घंटे 40 मिनट की देरी से चल रही है।
 
जबकि डिब्रुगढ राजधानी 2 घंटे 21 मिनट की देरी से चल रही है। सहारनपुर से इलाहाबाद जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस सवा सात घंटे की देरी से चल रही है। पुरी-नई दिल्ली पुरूषोतम एक्सप्रेस लगभग 12 घंटे की देरी से चल रही है। पुरी एक्सप्रेस सवा 16 घंटे की देरी से चल रही है। मदुरै से देहरादून जाने वाली देहरादून एक्सप्रेस 18 घंटे की देरी से चल रही है। निजामुद्दीन एक्सप्रेस लगभग 4 घंटे की देरी से चल रही है।
 
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, 'कुछ इलाकों में शनिवार को गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है।' राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सात मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
 
कोहरे के कारण 20 ट्रेनों का परिचालन 15 से 17 फरवरी तक के लिए रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा शुक्रवार को छह ट्रेनों का परिचालन नहीं हो सका। एक ट्रेन को शनिवार तक के लिए रद्द किया गया है। 16 ट्रेनों को रीशेडय़ूल कर चलाया गया जबकि 41 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। उत्तर रेलवे के शीर्ष अधिकारी ने बताया कि कुछ एक ट्रेनें ऐसी हैं जो इस सीजन में घने कोहरे की वजह से लगातार कई-कई घंटे देरी से चल रही हैं। इसे देखते हुए 20 ट्रेनों का परिचालन स्थायी रूप से फरवरी के तीसरे सप्ताह तक के लिए रद्द कर दिया गया है।
 
इनमें से 15 ट्रेनों को 15 फरवरी तक के लिए दो ट्रेनों को 16 फरवरी और 3 ट्रेनों का परिचालन 17 फरवरी तक के लिए रद्द कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर शुक्रवार को 6 ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से रद्द कर दिया गया। पूर्वा एक्सप्रेस का परिचालन शनिवार तक के लिए रद्द किया गया है। अगले डेढ़ महीने (15-17 फरवरी) तक  जो ट्रेनें रद्द रहेगी उनमें लुधियाना शताब्दी, डिब्रूगढ़ राजधानी, लिच्छवी एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस, गढ़वाल एक्सप्रेस, झारखंड संपर्क क्रांति, महानंदा एक्सप्रेस, आगरा इंटरसिटी जैसी ट्रेनें शामिल है।
 
कोहरे की वजह से आज देरी से चलने वाली ट्रेनों में भागलपुर से दिल्ली आने वाली भागलपुर गरीब रथ 22 घंटे की देरी से शुक्रवार को दिल्ली पहुंची। इसके अलावा ऊंचाहार, पुरुषोत्तम, शिवगंगा, विक्रमशीला, मगध, तमिलनाडु, एपी एक्सप्रेस, संगम, शहीद, समता एक्सप्रेस आदि ट्रेनें शामिल हैं।
 
उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में जहां बारिश हो रही है, वहीं पहाड़ों पर रहने वालों को बर्फबारी का सितम झेलना पड़ रहा है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश होने से दिन के तापमान में काफी गिरावट आई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी ने शीतलहर को और बढ़ा दिया। शुक्रवार की सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई, जो दिनभर जारी रही। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश होने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहेगा। सुबह से साथ शुरू हुई बारिश से लोगों को लगा था कि सर्दी बढ़ेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 
 
 
ठंड की वापसी की संभावना भी मौस‍म वैज्ञानिकों द्वारा जाहिर की जा रही है। पिछले कुछेक दिनों से जहां राजधानी दिल्ली में मौसम सुहाना हुआ था, लेकिन शुक्रवार सुबह से जारी बारिश के बाद एक बार फिर मौसम के पलटी मारने की संभावना बन गई है। आकाश में बादल छाए हुए हैं लेकिन तापमान में गिरावट नहीं दर्ज की गई है। राजधानी में न्यूनतम तापमान में शुक्रवार को 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई और यह मौसम के सामान्य तापमान से 3 डिग्री अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस हो गया था लेकिन शनिवार को बारिश की बूंदाबांदी जारी है।  
 
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार सफदरजंग और पालम ऑब्ज़र्वेटरी में 5.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जबकि लोधी रोड केंद्र में 6.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और आयानगर और रिज क्षेत्र में क्रमश: 6.8 मिलीमीटर और 3.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कोहरे में कमी होने से ट्रेनों और हवाई जहाजों का आवागमन भी काफी हद तक सामान्य हुआ है। 
 
पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा में पिछले दिनों बारिश हुई थी। इसके अलावा बंगाल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक के कुछ हिस्सों से भी बारिश की खबरें आई थीं। शुक्रवार तड़के से ही दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुड़गांव में भी बारिश का प्रकोप जारी रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य में हवा का कम दबाव होने की वजह से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। जैसे ही दिल्ली से इस सिस्टम का असर खत्म हो जाएगा, मौसम फिर से पलटी मार सकता है। विभाग के मुताबिक 6 और 7 जनवरी को न्यूनतम तापमान में गिरावट की वजह से ठंड के तेवर फिर से तेज होने का अनुमान है।
 
बीते शुक्रवार से पूरे उत्तर भारत में जहां पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है वहीं मैदानी इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है जिसके चलते अगले दो दिनों तक कोहरे से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन बारिश और ठंड से उत्तर भारत को फिलहाल छुटकारा नहीं मिलने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 जनवरी से दोबारा ठंड और कोहरे का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
 
हिमाचल के चंबा, डलहौजी ,कुफरी और शिमला में शुक्रवार को जबर्दस्त बर्फबारी हुई। नए साल के मौके पर घूमने आए सैलानियों ने इस बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। कुछ पर्यटकों का कहना था कि स्नो फॉल देखकर पूरे पैसे वसूल हो गए। हिमाचल के चंबा में तापमान माइनस में चला गया है जिसके चलते झीलें भी जम गई हैं।
 
 
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश के बाद दिन के तापमान में 5.6 डिग्री की गिरावट आई और यह 16 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 5.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, आकाश में बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान की तुलना में 2.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री अधिक है। 
 
राजस्थान में भी मौसम इसी तरह का रहा और वहां बारिश के बाद कई स्थानों पर दिन के तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। दिन का तापमान कई स्थानों पर 14 और 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। राज्य में श्रीगंगानगर सबसे ठंड़ा स्थान रहा और यहां का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चुरू, जैसलमेर, बीकानेर, जयपुर और अजमेर का तापमान क्रमश: 9.2, 9.8, 8.6, 11.4 और 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
 
ठंड के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश की  राज्य सरकार ने जिलाधिकारियों को स्कूलों में छुट्टियां बढ़ाने के लिए अधिकृत किया है। किन्नौर, सिरमौर और शिमला के ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने से पूरे हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया। वहीं मध्यम और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ बर्फीली हवाएं चलने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
 
राज्य में दिन के तापमान में चार से लेकर सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की  गई है और राज्य के विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु के करीब है। राज्य की राजधानी शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुयी जबकि मध्य शहर में बारिश के बाद, हल्की बर्फबारी हुई है। शिमला में नौ मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि जाकू शिखर पर दो सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। इस बीच उत्तराखंड के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हुई है जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।  
 
उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, मुनश्यारी और धारचुला सहित गढ़वाल और कुमाऊं के पर्वतीय इलाकों में सुबह से बर्फबारी हुई है जबकि देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली और हल्द्वानी में बारिश हुई है। कुछ दिनों की राहत के बाद कश्मीर घाटी में भी तापमान कुछ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 
 
उत्तर भारत में जहां जबरदस्त ठंड का दौर जारी है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कई शहरों में तो लगातार बर्फबारी हो रही है। शिमला, किन्नौर और सिरमौर में कल काफी बर्फबारी हुई। वहीं कई इलाकों में बारिश का दौर भी जारी है। बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में 4 से 7 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आज भी शिमला लाहौल स्पिति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा में बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की है।
 
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की झील जम गई है। ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चंबा में कल तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही आस-पास के कई नदी नालों का पानी भी जमना शुरू हो गया है। यहां पर्यटक भी खासी संख्या में पहुंचे हुए हैं, जो ठंड का लुत्फ़ तो ले रहे हैं, लेकिन झील के जम जाने से बोटिंग का मजा नहीं उठा पा रहे हैं।