1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. wayanad landslide video bus truck swept away meenakshi bridge kalladi heavy rain

AI नहीं असली वीडियो, वायनाड में भूस्खलन का खौफनाक वीडियो, खिलौनों की तरह मलबे में बहे बस और ट्रक

Wayanad landslide video
केरल के वायनाड जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक भयावह भूस्खलन का वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कोझिकोड और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली निर्माणाधीन टनल रोड परियोजना के तहत कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास जमा मिट्टी का विशाल ढेर अचानक बारिश के कारण खिसकने लगा। देखते ही देखते मिट्टी का बड़ा हिस्सा सड़क की ओर आ गया।  आसपास के पेड़ उखड़ गए और निर्माण स्थल पर लगाए गए लोहे तथा कपड़े के बैरिकेड्स भी बह गए।
 
भूस्खलन की चपेट में एक ट्रक और एक बस भी आ गए, जिन्हें मलबे का तेज बहाव अपने साथ बहा ले गया। टीवी चैनलों पर प्रसारित वीडियो में एक प्रत्यक्षदर्शी लोगों को चेतावनी देते हुए चिल्लाता सुनाई देता है- "दोस्तों, जल्दी भागो... जल्दी भागो!" जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 वीडियो में स्पष्ट दिखाई देता है कि मलबा सड़क पर फैलते ही कई लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और हर कोई सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ता नजर आया।
 


 हादसे के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय निवासियों ने भी बचाव अभियान में मदद की और मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने कम से कम तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी भूस्खलन का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। फुटेज में देखा जा सकता है कि जैसे ही मलबा मीनाक्षी ब्रिज के पास सड़क पर पहुंचा, लोग अपनी जान बचाने के लिए दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूस्खलन इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

2 की मौत, NDRF का रेस्क्यू

7 जुलाई को सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर सुरंग से तेज लहर के साथ आया मलबा एक टैंकर को तिनके की तरह बहाकर ले गया। दो लोग इसके मलबे में फंसे। पुलिस, NDRF की टीम रेस्क्यू कर रही है। मलबा हटाने के लिए JCB मशीनें लगाई गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण सोमवार से ही सुरंग कंस्ट्रक्शन का काम रोक दिया गया था। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, 8 लोग घायल हुए हैं। कई लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है।
लेखक के बारे में
सुधीर शर्मा
सुधीर शर्मा विश्व के प्रथम हिन्दी न्यूज पोर्टल वेबदुनिया में सीनियर सब एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। इनके पास मीडिया और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में 20 से अधिक वर्षों का व्यापक अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत नईदुनिया से प्रूफ रीडर के रूप में की। 2012 से.... और पढ़ें