मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. UP Minister Raghuraj Singh Calls Salman Khan Anti-National, Akhilesh Yadav Hits Back
Last Modified: लखनऊ , गुरुवार, 15 जनवरी 2026 (15:18 IST)

यूपी के मंत्री रघुराज सिंह ने सलमान खान को बताया देशद्रोही, अखिलेश ने किया पलटवार

salman khan
Raghuraj Singh news in hindi : उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रघुराज सिंह ने गुरुवार को अलीगढ़ में फिल्म अभिनेता सलमान खान को देशद्रोही करार दिया। इस पर अखिलेश ने पलटवार करते हुए याद दिलाया कि कुछ साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सलमान के साथ पतंग उड़ाई थी।
 
रघुराज सिंह ने सलमान खान को देशद्रोही बताते हुए कहा कि उन्हें पाकिस्तान से ज्यादा प्रेम है और यदि ऐसा है तो उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। उन्होंने सलमान खान को फांसी देने तक कि मांग कर दी। उन्होंने लोगों से सलमान खान की फिल्में ना देखने की भी अपील की।
 
उन्होंने कहा कि सलमान खान हिंदुस्तान के हिंदुओं को आकर्षित कर यहां से पैसा कमाते हैं और पाकिस्तान व बांग्लादेश के साथ-साथ मुसलमानों को समर्थन करते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि सलमान खान देश के पैसे को चुराकर पाकिस्तान भेजते हैं।
 
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, लगता है ये विशेष बयान देने से पहले यूपी के मंत्री जी सामान्य ज्ञान के विषय की ये बात भूल गये कि उनके सर्वेसर्वा ने कुछ साल पहले अभिनेता जी के साथ पतंग उड़ाई थी। कहीं ऐसा न हो ये बयान दिल्ली तक पहुँच जाए और मंत्री जी की डोर कट जाए… या हो सकता है ये बयान जानबूझकर दिया गया हो क्योंकि मंत्री जी को भनक लग गई होगी कि उनकी छंटनी भी तय है।
अखिलेश के बयान पर सफाई देते हुए रघुराज सिंह ने कहा कि वे सलमान नहीं शाहरुख खान को देशद्रोही कर रहे थे। उन्होंने गलती के लिए सलमान से माफी भी मांगी।

गौरतलब है कि मंत्री रघुराज सिंह इससे पहले भी एक विवादित बयान देते हुए कहा था कि जितना पढ़ा लिखा मुसलमान, उतना बड़ा आतंकी। उनके इस बयान पर भी बवाल मचा था।
edited by : Nrapendra Gupta