मंगलवार, 17 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Union Minister Nitin Gadkari says new generation should be given leadership
Last Modified: नागपुर , सोमवार, 19 जनवरी 2026 (14:30 IST)

युवा पीढ़ी को नेतृत्व देने की बात पर क्या बोले मोदी सरकार के मंत्री नितिन गडकरी

Advantage Vidarbha Expo
Advantage Vidarbha Expo Nagpur: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नेतृत्व में पीढ़ीगत बदलाव की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा है कि जब किसी व्यवस्था का संचालन सही ढंग से चलने लगे, तब पुरानी पीढ़ी को स्वयं पीछे हटकर जिम्मेदारी नई पीढ़ी को सौंप देनी चाहिए। नागपुर में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान गडकरी ने कहा कि देश के विकास के लिए युवाओं को आगे लाना समय की मांग है।
 

पीढ़ी परिवर्तन स्वाभाविक प्रक्रिया

गडकरी विदर्भ-खासदार औद्योगिक महोत्सव और ‘एडवांटेज विदर्भ’ पहल पर बोल रहे थे। 68 वर्षीय गडकरी ने कहा कि एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (एआईडी) के अध्यक्ष आशीष काले ने इस पहल में युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की है, जो एक सकारात्मक संकेत है। गडकरी ने कहा कि पीढ़ी परिवर्तन एक स्वाभाविक प्रक्रिया है और समय के साथ नेतृत्व की जिम्मेदारियां नई पीढ़ी को मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सिस्टम मजबूत हो जाए, तो वरिष्ठों को मार्गदर्शक की भूमिका में आ जाना चाहिए।
 

एडवांटेज विदर्भ एक्सपो

एआईडी के मुख्य मार्गदर्शक गडकरी ने बताया कि नागपुर में 6 से 8 फरवरी तक आयोजित हो रहा ‘एडवांटेज विदर्भ एक्सपो’ अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि विदर्भ क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों के सक्षम और नवाचारी उद्यमी मौजूद हैं।
 
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य विदर्भ को देश के औद्योगिक मानचित्र पर एक मजबूत और उभरते हुए विकास केंद्र के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने क्षेत्रीय विकास के लिए उद्योग, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों तथा सेवा क्षेत्र की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
 
‘एडवांटेज विदर्भ एक्सपो’ में कपड़ा, प्लास्टिक, खनिज, कोयला, विमानन, लॉजिस्टिक्स, आईटी, स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्यूटिकल्स, रक्षा, रियल एस्टेट, नवीकरणीय ऊर्जा और स्टार्टअप सहित कई क्षेत्रों से जुड़े उद्योग भाग ले रहे हैं।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
MCX पर चांदी पहली बार 3 लाख पार, क्या है सराफा बाजार में Silver का हाल?