उदयनिधि स्टालिन हिरासत में, CM विजय और अभिनेत्री तृषा पर विवादित टिप्पणी के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
डीएमके नेता और तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को चेन्नई स्थित उनके घर से पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन पर मुख्यमंत्री विजय और अभिनेत्री तृषा के खिलाफ पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। ALSO READ: सिद्धिविनायक मंदिर में 18 करोड़ दान गबन का दावा, राज ठाकरे के आरोपों के बाद सरकार हरकत में
तंजावुर में कावेरी जल-बंटवारे के मुद्दे पर विरोध करने के लिए आयोजित डीएमके की रैली में उदयनिधि ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए डबल मीनिंग वाली टिप्पणी की थी। इस पर सियासी बवाल मच गया। विजय की पार्टी टीवीके ने इस मामले में उदयनिधि के खिलाफ कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर तंजावुर पुलिस ने डीएमके नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
इधर चेन्नई में TVK कार्यकर्ताओं ने DMK नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इधर डीएमके कार्यकर्ता भी उदयनिधि को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ सड़क पर उतर गए।
दोपहर बाद कोर्ट में सुनवाई
इस मामले को लेकर उदयनिधि स्टालिन ने मंगलवार को मद्रास हाई कोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज मामले में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी। जब जस्टिस जीके इलांथिरैयन ने कार्यवाही शुरू की तो वकील हसन मोहम्मद जिन्ना ने याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की। अनुरोध स्वीकार करते हुए जज ने दोपहर बाद अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति व्यक्त की। ALSO READ: E20 पर AAP का बड़ा प्रदर्शन, केजरीवाल 100 समर्थकों के साथ पीएम आवास की ओर करेंगे मार्च
महिला आयोग तक पहुंचा विवाद
यह विवाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) तक भी पहुंचा। वहां भी टीवीके ने शिकायत दर्ज कराई कि उदयनिधि ने अश्लील, महिलाओं को वस्तु के रूप में पेश करने वाली और यौन संकेत देने वाली टिप्पणियां कीं। पार्टी ने आयोग से आग्रह किया कि वह भाषण का संज्ञान ले, स्पष्टीकरण और बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग करे और अधिकारियों को भारतीय न्याय संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दे।

