मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Temperature, heat, Meteorological Department, Loo, Weather, West Bengal
Written By
Last Modified: पुणे , रविवार, 1 मई 2016 (22:25 IST)

पश्चिम बंगाल और केरल में लू का प्रकोप जारी

पश्चिम बंगाल और केरल में लू का प्रकोप जारी - Temperature, heat, Meteorological Department, Loo, Weather, West Bengal
पुणे। गांगेय पश्चिम बंगाल और केरल के दूरदराज के इलाकों में गर्मी एवं लू का कहर बरकरार है। वहीं दूसरी ओर मध्‍यप्रदेश के खजुराहो और हरियाणा के हिसार में पारा 45 डिग्री सेल्सियस और गुजरात के अहमदाबाद में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। 
             
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा और जम्मू कश्मीर के कुछ इलाकों में दिन का तापमान अधिक रहा। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा, विदर्भ, तटीय आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल के शेष हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से बहुत अधिक रहा।
         
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, तटीय कर्नाटक और मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। वहीं देश के बाकी हिस्सों में तापमान सामान्य रहा। मैदानी इलाकों में सबसे अधिक तापमान राजस्थान के बाडमेर में 45.4 सेल्सियस दर्ज किया गया।
         
वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के छिटपुट इलाकों में बारिश की संभावना है जबकि असम मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिमी बंगाल के हिमालई इलाके ओडिशा, पूर्वी तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के छिटपुट इलाकों में आंधी और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
               
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के दूरदराज के इलाकों में धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल के हिमालई क्षेत्र के अधिकतर इलाकों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान हैं।
 
वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, अंडमान और निकोबार के कुछ इलाकों में भी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं जबकि गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और आंतरिक कर्नाटक के दूर दराज के इलाकों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
              
बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण क्षेत्र, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा, रायलसीमा, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में मौसम शुष्क बना रहेगा।
 
खजुराहो में पारा 45 पार : मध्यप्रदेश के अधिकांश शहर आज तीव्र गर्म हवाओं और लू की चपेट में रहे। प्रदेश में सबसे गर्म चल रहे खजुराहो में आज पारा 45 डिग्री को पार कर गया। राजधानी भोपाल में पारा कल के मुकाबले 0.4 डिग्री नीचे आया है।
 
प्रदेश का सबसे गर्म स्थल 45.2 डिग्री के साथ तीसरे दिन भी पर्यटन नगर खजुराहो रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। खरगोन और नौगांव में भी पारा 45.0 डिग्री पर पहुंच गया है।
भोपाल में आज अधिकतम तापमान तापमान 42.3 डिग्री रहा। 
 
कल यहां मौसम का अब तक का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। गर्मी ने कल यहां पांच वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ा था। इससे आज कुछ राहत मिली है।
शहर में दिनभर तीव्र गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों से लोग त्रस्त होते रहे और दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम रही।
       
प्रदेश के अन्य शहरों अधिकतम तापमान दमोह में 44.5, दतिया एवं ग्वालियर में 44.2, श्योपुरकला में 44.0, गुना 43.8, रीवा में 43.4, शाजापुर में 43.1, सीधी में 43.0, सतना 42.8, सागर 42.3, जबलपुर में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42.0, इंदौर में 41.0 डिग्री दर्ज हुआ। यह विभिन्न स्थानों पर सामान्य से दो से सात डिग्री ज्यादा है।
 
पिछले 24 घंटों में सागर संभाग और खरगोन जिले में कहीं-कहीं लू का प्रभाव रहा। अधिकतम तापमान रीवा, उज्जैन, सागर, चंबल और ग्वालियर संभाग में सामान्य से अधिक और अन्य संभागों में सामान्य रहा। आगामी 24 घंटों के दौरान भोपाल, चंबल, ग्वालियर, रीवा, सागर और उज्जैन संभाग तथा खरगोन जिले में लू चलने की संभावना है।
 
हिसार का तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा : हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। चंडीगढ़ में आज इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। 
 
मौसम केन्द्र के अनुसार अगले चौबीस घंटों में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं तथा 45 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से अंधड़ तथा ओले गिरने और बारिश होने की संभावना है। पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से राहत मिलने का अनुमान है।
 
गर्मी के तेवर तीखे होते ही चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री, अंबाला में 41, करनाल में 40, नारनौल में 42, अमृतसर में 42, लुधियाना में 43 और पटियाला में 41.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार और उसके आसपास के इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार करते हुए 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह गर्मी के इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है।
 
क्षेत्र में गर्म हवाएं चलने से दिनभर लू के थपेड़े लगते रहे। इलाके के लोगों के लिए राहत की बात यह रही कि रविवार के कारण लोगों को चिलचिलाती धूप में घरों से बाहर नहीं निकलना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले दो दिनों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है।
 
हिमाचल प्रदेश के शिमला में अधिकतम तापमान 27 डिग्री, उना में सर्वाधिक 41, नाहन में 36, भुंतर में 34, धर्मशाला में 31, सुंदरनगर में 38, कांगड़ा में 37, सोलन में 33 और कल्पा में 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 
 
अहमदाबाद में तापमान 43 डिग्री के पार : गुजरात के अहमदाबाद में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार जाने से शहर में जबर्दस्त गर्मी हो गई है।
 
मौसम विभाग के अनुसार पिछले पांच दिनों में तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों में अहमदाबाद 43.3 डिग्री, राजकोट 42.9, सुरेन्द्रनगर और अमरेली में  42.8, ईडर 42.6, वडोदरा 41.7, डीसा और गांधीनगर 42.0, भुज और कंडला एयरपोर्ट में  41.6  डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से अधिक रहा।
 
दिल्ली में तेज धूप से लोग हुए बेहाल : राजधानी दिल्ली में तेज गर्मी पड़ रही है और आज भी चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग ने आसमान साफ रहने और शाम के वक्त हल्के बादल छाने का अनुमान व्यक्त किया है। 
 
इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 15 दिन बाद ही गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं तब तक दिल्लीवासियों को गर्मी से जूझना पड़ेगा। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
वोग पत्रिका के कवर पर केट मिडलटन