गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. temperature
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 2 जनवरी 2015 (23:50 IST)

उत्तर भारत में हल्की बारिश ने बढ़ाई ठंड

उत्तर भारत में हल्की बारिश ने बढ़ाई ठंड - temperature
नई दिल्ली। हल्की बारिश होने से उत्तर भारत में शीत लहर के प्रकोप में बढ़ोतरी हुई है और कश्मीर घाटी एवं उत्तराखंड के ऊंचाई वाले स्थानों पर कड़ाके की ठंड बनी हुई है।
 
दिल्ली में सुबह के दौरान बारिश होती रही है और यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
राष्ट्रीय राजधानी के सभी इलाकों में बारिश हुई। हालांकि अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के कारण 42 ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ। वैसे यहां के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य रहा।
 
राजस्थान में भी मौसम इसी तरह का रहा और यहां पर रात के तापमान में कुछ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई लेकिन बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज किया गया।
 
राज्य में श्रीगंगानगर सबसे ठंड़ा स्थान रहा और यहां का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चुरू, जैसलमेर, बीकानेर, जयपुर और अजमेर का तापमान क्रमश: 9.2, 9.8, 8.6, 11.4 और 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
इस बीच उत्तराखंड के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज किया गया है और लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, मुनश्यारी और धारचुला सहित गढ़वाल और कुमाऊं, दोनों जगहों के पहाड़ी इलाकों में सुबह से बर्फबारी हुई है जबकि देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली और हल्द्वानी में बारिश हुई।
 
कुछ दिनों के राहत के बाद कश्मीर घाटी में भी तापमान कुछ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
लद्दाख क्षेत्र के सीमावर्ती लेह और कारगिल शहर में रात का न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 17.1 और 16.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
 
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पड़ने वाले, गुड़गांव और फरीदाबाद सहित हरियाणा के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
हरियाणा में भिवानी और हिसार का न्यूनतम तापमान क्रमश: 11 और 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में पटियाला का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जबकि अमृतसर का न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)