बांग्लादेश पीएम तारिक रहमान के शपथ समारोह में पीएम मोदी को न्योता, क्या ढाका जाएंगे?
बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान के 17 फरवरी को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया गया है। अब सभी की नजरें इस बात पर लगी हुई है कि पीएम मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने बांग्लादेश जाते हैं या नहीं।
बीएनपी नेता रहमान ने कहा कि नए बांग्लादेश में अब धर्म के नाम पर अन्याय का दौर खत्म हो गया है। भारत से संबंधों पर रहमान ने कहा कि देश की जनता के हित सर्वोपरि है। इसे ध्यान में रखते हुए विदेश नीति तय करेंगे।
15 राष्ट्राध्यक्षों को न्योता
शपथ ग्रहण समारोह में 15 राष्ट्राध्यक्षों को न्योता भेजा गया है। इनमें भारत, चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्किये, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं।
क्या समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी
बताया जा रहा है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 फरवरी को एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आ रहे हैं। ऐसे में पीएम मोदी शायद ही शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने ढाका जा पाए। भारत तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में एक वरिष्ठ प्रतिनिधि भेज सकता है।
गौरतलब है कि अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के राज में भारत और बांग्लादेश के संबंध बेहद तनावपूर्ण हो गए थे। तारिक रहमान के कार्यकाल में एक बार फिर दोनों देशों के संबंध सुधर सकते हैं।
edited by : Nrapendra Gupta