गोलीबारी में पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के भाई शालिग्राम पर FIR, क्या बोले 'पर्ची वाले' बाबा
कहा- परिवार और भाई से मेरे कोई संबंध नहीं, पूरा दुनिया मेरा परिवार
Dhirendra Krishna Shastri on Shaligram Garg: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। शलिग्राम पर आरोप है कि उसने जमीन विवाद को लेकर मोतीलाल कुशवाहा नामक किसान पर फायरिंग की। कुशवाहा को कान में गोली लगी है। इस बीच, धीरेन्द्र शास्त्री ने एक वीडियो में इस पूरे विवाद से पल्ला झाड़ लिया है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार और भाई से कोई भी लेना-देना नहीं है। इस तरह का बयान वे पहले भी दे चुके हैं।
क्या कहा धीरेन्द्र शास्त्री ने?
पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने भाई से जुड़े विवाद पर स्पष्ट कहा कि उनका भाई शालिग्राम और अपने परिवार से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व ही मेरा परिवार है। मैं सनातन धर्म, समाज और देश के लिए जीता हूं। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। यदि भाई दोषी पाया जाता है तो उसे कठोरतम दंड दिया जाना चाहिए। उन्होंने मीडिया और जनता से अनुरोध करते हुए कहा कि मैं प्रार्थना करता हूं कि मुझे हर घटना से न जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि वे तीन साल पहले भी कह चुके हैं कि उनका परिवार और भाई से कोई लेना-देना नहीं है। ALSO READ: पहले भी विवादों में रहे बाबा बागेश्वर के भाई शालिग्राम गर्ग, जानिए अब क्या है नया विवाद
क्या है पूरा मामला?
यह घटना मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में राजनगर थाना क्षेत्र के कौड़ा गांव की है, जहां जमीन विवाद को लेकर मोतीलाल कुशवाहा नामक किसान पर फायरिंग करने और मारपीट करने के आरोप में शालिग्राम गर्ग और अन्य के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उसे कान में गोली लगी है। रिपोर्ट के अनुसार यह विवाद जमीन के एक पुराने मामले को लेकर बढ़ा। इसके बाद दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग, मारपीट और हमला हुआ, जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद छतरपुर पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार घायलों, प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
धीरेन्द्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर जमीन कब्जा करने के लिए डराने धमकाने और गोली चलाने के आरोप हैं, उधर धीरेन्द्र शास्त्री फिर दोहरा
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) July 15, 2026
रहे हैं कि भाई से कोई संबंध नहीं हैं pic.twitter.com/n3UtfWrGR3
पहले भी विवादों में रह चुके हैं शालिग्राम
हालांकि धीरेन्द्र शास्त्री के भाई शालिग्राम से जुड़ा यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले फरवरी 2023 में छतरपुर के गढ़ा गांव में एक दलित परिवार की शादी के दौरान हंगामे का मामला सामने आया था। आरोप था कि उन्होंने शादी समारोह में पिस्टल लहराई, लोगों को धमकाया और गाली-गलौज की। घटना के वीडियो उस समय सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
2024 में सागर जिले के मुगवारी टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर टोलकर्मियों और उनके बीच विवाद हो गया था। आरोप लगाया गया कि टोल मांगने पर उन्होंने अपने साथियों के साथ टोलकर्मियों के साथ मारपीट की। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने शालिग्राम समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।

