शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather update: मौसम विभाग की चेतावनी, उत्तर भारत में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, तापमान में आएगी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
Written By
Last Updated : मंगलवार, 15 दिसंबर 2020 (00:29 IST)

Weather update: मौसम विभाग की चेतावनी, उत्तर भारत में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, तापमान में आएगी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट

Meteorologica lDepartment | Weather update: मौसम विभाग की चेतावनी, उत्तर भारत में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, तापमान में आएगी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि अगले 2-3 दिनों में उत्तर भारत में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है जबकि हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर-पश्चिम राजस्थान में भी ठंड की स्थिति बनी रहेगी। तापमान गिरने से उत्तर भारत के अधिकतर हिस्से में कोहरे का असर दिखने लगा है।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्से में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने पिछले महीने दिसंबर-फरवरी के लिए सर्दी का पूर्वानुमान जारी कर कहा था कि रात का तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। अगले 2-3 दिनों में मध्यवर्ती और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में बहुत बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने कहा कि 16 से 18 दिसंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में बारिश हो सकती है।
मध्यप्रदेश में कई स्थानों में बारिश : मध्यप्रदेश के कई भागों में हल्की बारिश का दौर सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अरब सागर में बनी चक्रवात की स्थिति के कारण पूरे मध्यप्रदेश में नमी बनी हुई है तथा पूर्वी एवं पश्चिमी मध्यप्रदेश में चौथे दिन भी हल्की बारिश हुई। हालांकि रविवार के मुकाबले सोमवार को कम बारिश हुई है।
 
उन्होंने कहा कि भोपाल सहित मध्यप्रदेश के कुछ भागों में सोमवार को दिनभर कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता कम हो गई। साहा ने बताया कि प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार 5 बजे तक दृश्यता 600 मीटर से अधिक नहीं थी। साहा ने बताया कि सोमवार सुबह 8.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक भोपाल में 4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मध्यप्रदेश में सर्वाधिक 12.4 मिलीमीटर वर्षा राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में हुई।
 
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 8.30 बजे से लेकर बुधवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे के दौरान प्रदेश के रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, होशंगाबाद एवं भोपाल संभागों के जिलों में तथा बुरहानपुर, खंडवा, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर मालवा एवं गुना जिलों में कहीं-कहीं पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें गिर सकती हैं जबकि शेष स्थानों के जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
Jio का आरोप- किसान आंदोलन की आड़ में झूठा प्रचार कर रही हैं Airtel और Vodafone Idea