"ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी कर रहे हैं हमारी मदद..." CEC के खिलाफ विपक्ष के मार्च पर संबित पात्रा का तीखा तंज
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 'इंडी' गठबंधन के संसद से चुनाव आयोग तक मार्च निकालने के बीच भाजपा भी आक्रामक हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि हमारे मदद ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी कर रहे हैं।
विपक्ष पर प्रायोजित हमले का आरोप
संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विपक्षी दलों की ओर से यह एक प्रायोजित कोशिश है कि देश में किसी तरह सत्ता बदली जाए। उन्होंने कहा कि यह खेल कोई नया नहीं है, बल्कि वर्षों से चल रहा है। कांग्रेस बार-बार राहुल गांधी को लॉन्च और री-लॉन्च करने में नाकाम रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को स्थापित करने के लिए अब कांग्रेस और उसके सहयोगी देश में अराजकता फैलाने और लोकतंत्र पर सीधे हमला करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
LIVE: BJP National Spokesperson Dr. @sambitswaraj addresses press conference at BJP headquarters, New Delhi. https://t.co/Aw8Q39YRrZ
— BJP (@BJP4India) October 6, 2026
'सेना से लेकर ईवीएम तक सबको बनाया निशाना'
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए समय-समय पर देश की हर उस संस्था और प्रतीक को कमजोर करने की कोशिश की है जो भारत की ताकत हैं। उन्होंने कहा कि पहले भारतीय सेना, सुप्रीम कोर्ट, एचएएल (HAL), हिंदुओं और ईवीएम पर हमले किए गए और पिछले कुछ हफ्तों से लगातार चुनाव आयोग को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि आज के इस मार्च के जरिए भी चुनाव आयोग के बहाने देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की जाएगी।
ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी मदद कर रहे हैं
अपने चिर-परिचित अंदाज में तंज कसते हुए संबित पात्रा ने कहा, "हमारी मदद ज्ञानेश जी नहीं, बल्कि गणेश जी कर रहे हैं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की मदद बुद्धि, ज्ञान और विवेक के देवता भगवान गणेश कर रहे हैं।
जनता पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि देश के लोग पूरी तरह समझदार हैं। वे जानते हैं कि उन्हें परिवारवाद, भ्रष्टाचार और आतंकवाद का समर्थन करने वालों को वोट नहीं देना है, बल्कि उस नेतृत्व को चुनना है जो गर्व से कहता है— "मैं देश झुकने नहीं दूंगा।"

