शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Rain and snowfall in Jammu and Kashmir and Ladakh
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2021 (08:36 IST)

Weather Alert: जम्मू कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी, मैदानी भागों में बारिश के आसार

Weather Alert: जम्मू कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी, मैदानी भागों में बारिश के आसार - Rain and snowfall in Jammu and Kashmir and Ladakh
नई दिल्ली। मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिलीं। इस प्रभाव से कई राज्यों में गरज के साथ वर्षा हुई व कई जगहों पर हिमपात भी हुआ।
 
इस समय जम्मू-कश्मीर और इससे सटे हिमाचल प्रदेश के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है तथा यह सिस्टम पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मैदानी क्षेत्रों पर विकसित हुआ चक्रवाती सिस्टम इस समय उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर दिखाई दे रहा है। केरल के तटों के पास से लेकर दक्षिणी गुजरात के तटीय भागों तक एक ट्रफ रेखा भी बनी हुई है।
स्काईमेट से प्राप्त समाचार के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिलीं। उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर बारिश और हिमपात की गतिविधियां हुई हैं।
 
मैदानी भागों में पंजाब, हरियाणा तथा दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ हल्की बौछारें देखने को मिलीं। उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के भी कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी हुई है। तमिलनाडु के आंतरिक भागों में हल्की बारिश हुई जबकि अंडमान व निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी भागों में 1-2 स्थानों पर तेज वर्षा रिकॉर्ड की गई। हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश तथा मध्यप्रदेश के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।
उत्तर भारत के भागों में जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख में हो रही बारिश और बर्फबारी अगले 24 घंटों के दौरान कम हो जाएगी, हालांकि इस दौरान इन भागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और हिमपात होने की संभावना बनी रहेगी। उत्तराखंड में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तरप्रदेश में शुक्रवार रात तक बारिश और गरज के साथ बारिश जारी रहेगी। इन राज्यों में कल से मौसम साफ होने की संभावना है।
 
हालांकि उत्तरप्रदेश के मध्य और पूर्वी शहरों में 5 फरवरी को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 6 फरवरी को बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी के बाद अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू होंगी। उम्मीद है कि 5 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के पश्चिमी जिलों में तापमान में गिरावट होने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें
मसूरी में भारी बर्फबारी, बर्फ से ढंकीं चोटियां, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन