शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. किसान आंदोलन
  4. किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोकने के प्रयास को लेकर राहुल और प्रियंका ने सरकार पर साधा निशाना
Written By
Last Updated : शनिवार, 5 दिसंबर 2020 (19:15 IST)

PM मोदी के अहंकार ने जवान को किसान के खिलाफ खड़ा कर दिया : राहुल गांधी

Rahul Gandhi | किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोकने के प्रयास को लेकर राहुल और प्रियंका ने सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 3 केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली पहुंचने से रोके जाने के प्रयास को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अहंकार' ने जवान को किसान के खिलाफ खड़ा कर दिया है। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने दावा किया कि दिल्ली आने वाले पूंजीपतियों के लिए लाल कालीन बिछाई जाती है जबकि किसानों के आने पर रास्ते खोदे जा रहे हैं।
 
राहुल गांधी ने एक सुरक्षाकर्मी द्वारा किसान पर लाठी भांजने संबंधी एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया कि बड़ी ही दुखद फोटो है। हमारा नारा तो 'जय जवान जय किसान' का था लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के अहंकार ने जवान को किसान के खिलाफ खड़ा कर दिया। यह बहुत खतरनाक है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट के माध्यम से दावा किया कि भाजपा सरकार में देश की व्यवस्था को देखिए, जब भाजपा के खरबपति मित्र दिल्ली आते हैं तो उनके लिए लाल कालीन डाली जाती है, मगर किसानों के लिए दिल्ली आने के रास्ते खोदे जा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली किसानों के खिलाफ कानून बनाए वह ठीक, मगर सरकार को अपनी बात सुनाने किसान दिल्ली आए तो वह गलत?
 
उल्लेखनीय है कि कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों को शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में दाखिल होने की अनुमति दे दी गई और वे बुराड़ी के मैदान में प्रदर्शन कर सकते हैं। इससे पहले हरियाणा में कई स्थानों पर पुलिस ने किसानों को रोकने के प्रयास के तहत पानी की बौछार और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया। (भाषा)