1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. rahul gandhi indore chhatron ki goonj andhbhakt remark

Chhatron Ki Goonj : फर्जी थे राहुल गांधी के मंच पर छात्र, कार्यक्रम में हुआ PM मोदी की मां का अपमान, BJP नेताओं ने लगाए आरोप

mohan yadav
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का इंदौर कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ श्रृंखला का पांचवां कार्यक्रम था। इससे पहले कांग्रेस की ओर से इस अभियान के तहत कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम किए गए थे। राहुल गांधी के कार्यक्रम के बाद सियासी घमासान तेज हो गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां का अपमान किया गया। बीजेपी ने दावा किया है कि राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पीएम मोदी का मजाक उड़ाया गया।

बीजेपी नेताओं ने दावा किया है कि कार्यक्रम में बिना वजह पीएम मोदी का स्वर्गीय मां को भी खींचा गया। भाजपा ने कहा कि मंच समस्या बताने वाले छात्र फर्जी थे। वे पार्टी के ही पदाधिकारी थे। भाजपा ने एक्स पर कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बुजुर्ग मां के प्रति सम्मान और स्नेह दिखाया, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी ने अपने कार्यक्रम में उनका मजाक उड़ाया। यही मूल्यों की राजनीति और दिखावे की राजनीति के बीच का अंतर है। जिस उम्र में सम्मान मिलना चाहिए, उस उम्र में राहुल गांधी के इस शर्मनाक व्यवहार से उनकी मानसिकता के बारे में क्या पता चलता है?
 

 BJP का आरोप- कार्यक्रम में ‘फर्जी छात्रों’ को मंच दिया गया

बीजेपी ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर एक और आरोप लगाया। पार्टी की ओर से कहा गया कि कार्यक्रम में जिन लोगों को आम छात्र के तौर पर मंच पर प्रस्तुत किया गया, उनमें कुछ लोग कांग्रेस या NSUI से जुड़े पदाधिकारी थे। बीजेपी ने इसे छात्रों के साथ धोखा बताते हुए दावा किया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को छात्रों के रूप में प्रस्तुत किया। पार्टी ने कांग्रेस नेताओं जीतू पटवारी और उमंग सिंघार से इस मामले में माफी मांगने की मांग भी की।
 

क्या बोले एमपी के सीएम मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का यह गैर जिम्मेदाराना रवैया बेहद शर्मनाक, निंदनीय और अशोभनीय है। हमारे देश की संस्कृति और मां के सम्मान के अपमान के साथ उन्होंने युवाओं के भविष्य को गलत दिशा में ले जाने को प्रोत्साहित किया है।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मां के सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए जो अनुकरणीय उदाहरण पेश किया था, उसका इस तरह मजाक उड़ाना देशभर की माता का अपमान करना है। कुछ ही दिनों में हम नवरात्रि पर मां भवानी का आह्वान करेंगे और घर-घर कन्या पूजी जाएंगी।
 
राहुल गांधी जी और उनकी पार्टी के नेता अपनी कुत्सित मानसिकता के कारण हमेशा मातृशक्ति का अपमान करते रहे हैं। उन्हें अपने इस कृत्य के लिए संपूर्ण देश की माताओं से माफी मांगनी चाहिए।उन्होंने कहा कि आज इंदौर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम किया, जो मूल रूप से झूठ फैलाने की कवायद था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विषय की गंभीरता को लेकर गंभीर नजर नहीं आए। वह बिना तैयारी के आए और बच्चों तथा युवाओं से संवाद किया, जबकि उनके साथ वास्तविक सवाल-जवाब का सत्र होना चाहिए था। मोहन यादव ने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस के जनता को गुमराह करने वाले एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश की गई, जो बेहद दुखद है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने स्कूल शिक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश ने ड्रॉपआउट के मामले में जीरो-ड्रॉपआउट दर हासिल की है और कांग्रेस तथा उसके सहयोगियों को इस तथ्य को स्वीकार करना चाहिए।
 
मोहन यादव ने कहा कि जब कांग्रेस स्कूल ड्रॉपआउट की बात करती है तो आंकड़े पूरी कहानी बताते हैं। उनके मुताबिक, 2002-03 में कांग्रेस शासन के दौरान स्कूल ड्रॉपआउट दर 16 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि 1956 से 2002-03 के बीच अधिकांश समय कांग्रेस सत्ता में रही और उस दौर के आंकड़े उसकी विरासत को दर्शाते हैं।
 
उन्होंने कहा कि 2002-03 तक स्कूल शिक्षा का बजट करीब 2,000 करोड़ रुपये के आसपास था, जबकि आज यह बढ़कर 38,658 करोड़ रुपये हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर प्रबंधन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
 
मोहन यादव ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि क्या उसके शासनकाल में छात्रों को यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई गई थी? क्या आने-जाने के लिए साइकिल दी गई थी? क्या अच्छे प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्कूटर या लैपटॉप दिए गए थे? उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने छात्रों और युवाओं को प्रोत्साहित करने या उनका समर्थन करने के लिए इस तरह की योजनाएं लागू नहीं की थीं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीय माता को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और उस पर राहुल गांधी के हंसने को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मां राजनीति का विषय नहीं होती और किसी भी सभ्य समाज में मां का अपमान स्वीकार्य नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से राजनीतिक विरोध में मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी असंवेदनशीलता और उपहास लोकतांत्रिक मूल्यों व राजनीतिक संस्कारों के अनुरूप नहीं है।
अगला लेख
Hamid Ansari : पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान पर क्यों मचा सियासी घमासान, BJP ने किसलिए लिया राहुल गांधी का नाम