• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi attacks PM Modi
Written By
Last Modified: गुवाहाटी , शुक्रवार, 11 दिसंबर 2015 (21:18 IST)

राहुल गांधी बोले, बस भाषण दे सकते हैं मोदी

Rahul Gandhi
गुवाहाटी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव में अपनी पार्टी की जीत को विकास के गुजरात मॉडल की विफलता से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिर्फ भाषण दे सकते हैं।
 
असम में ब्लॉक और जिला स्तर के पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, 'मोदी सिर्फ भाषण दे सकते हैं..गुब्बारे की तरह, जो सिर्फ उड़ता रहता है। गुजरात मॉडल असफल हो गया। कांग्रेस वहां स्थानीय निकाय चुनाव जीत गई।
 
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के मॉडल की असफलता की वजह से ही गुजरात में एक समुदाय (पटेल) ने बड़ा आंदोलन चलाया।
 
गांधी ने कहा कि भारत ने सोचा अच्छे दिन आएंगे, जैसा मोदी ने चुनाव से पहले वादा किया था, लेकिन बिहार चुनाव में हार के बाद उन्होंने इस बारे में एक शब्द नहीं बोला।
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार में मोदी के चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री ने लालू प्रसाद और नीतीश कुमार को बेवकूफ कहा था। राहुल ने सभा में मौजूद लोगों से पूछा, 'क्या हम भी बेवकूफ हैं?'
 
गांधी ने मोदी पर असम को कांग्रेस की सरकार द्वारा दिया गया विशेष राज्य का दर्जा वापस लेने का भी आरोप लगाया, जिसमें केन्द्रीय कोष का 90 प्रतिशत धन अनुदान के तौर पर और 10 प्रतिशत राज्य कोष के तौर पर दिया जाता है।
 
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि तरूण गोगोई और कांग्रेस की मेहनत रंग लाएगी और असम में भी बिहार की कहानी दोहराई जाएगी। उन्होंने इस दौरान असम में स्व सहायता समूहों की महिला प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनने के बाद उनके मसाइल को सरकार के सामने उठाने का भरोसा दिलाया।
 
राहुल ने कहा कि स्व सहायता समूह शानदार कार्यक्रम है। यह असम में महिलाओं को सशक्त बनाता है। तरूण गोगोई के काम से मैं संतुष्ट हूं। (भाषा)