Raghav Chadha : राघव चड्ढा के BJP में जाने से Gen Z हुआ नाराज, घटे लाखों फॉलोअर्स, लोकप्रियता में क्यों आई गिरावट
आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए राघव चड्ढा के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के एक दिन बाद ही उनकी लोकप्रियता पर असर साफ दिखाई देने लगा है। चड्ढा अपने साथ AAP के 6 राज्यसभा सांसदों को भी BJP में ले गए, जिससे अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी में हलचल मच गई है।
हालांकि, राज्यसभा में AAP के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद उनके BJP में जाने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थीं, लेकिन यह फैसला खासतौर पर Gen Z वर्ग को रास नहीं आया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस गिरावट के पीछे युवा वर्ग, खासकर Gen Z की बड़ी भूमिका है।
सोशल मीडिया पर गिरावट
डिजिटल दौर में सोशल मीडिया फॉलोअर्स को लोकप्रियता का पैमाना माना जाता है। आंकड़ों के मुताबिक, BJP में शामिल होने के 24 घंटे के भीतर ही चड्ढा के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में करीब 10 लाख की गिरावट आई। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि डेटा-आधारित राजनीति करने वाले राघव चड्ढा क्या इस गिरती लोकप्रियता को संभाल पाते हैं या नहीं, खासकर युवा वर्ग के बीच।
मुद्दों से बनी थी युवाओं के बीच खास पहचान
राघव चड्ढा ने युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने पितृत्व अवकाश, ट्रैफिक समस्या, टेलीकॉम कंपनियों की डाटा लिमिट, एयरपोर्ट पर महंगे समोसे और 10 मिनट डिलीवरी मॉडल में गिग वर्कर्स के शोषण जैसे मुद्दों को उठाया था। गिग वर्कर्स की समस्याओं को समझने के लिए उन्होंने एक दिन Blinkit के डिलीवरी पार्टनर के रूप में भी काम किया था। उनके प्रयासों के बाद केंद्र सरकार ने 10 मिनट डिलीवरी की अनिवार्यता को हटाने का निर्देश दिया था। इन मुद्दों ने चड्ढा को एक सुलभ और अलग तरह के नेता के रूप में स्थापित किया था, जो युवाओं की आकांक्षाओं और पारंपरिक राजनीति के बीच पुल का काम करते थे।
समर्थन से विरोध तक
जब उन्हें राज्यसभा में AAP के उपनेता पद से हटाया गया था, तब उन्हें सोशल मीडिया पर व्यापक समर्थन मिला था। उनकी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा से जुड़े पोस्ट भी चर्चा में रहे थे। एक समय ऐसा भी आया जब सोशल मीडिया पर सुझाव दिया गया कि चड्ढा को “Gen Z पार्टी” बनानी चाहिए। हालांकि, अंततः उन्होंने BJP का दामन थाम लिया, जिसके बाद उनका समर्थन आधार बदलता नजर आ रहा है।
तेज हो रहा विरोध
सोशल मीडिया पर “#unfollowRaghavChadha” ट्रेंड कर रहा था। कई यूजर्स का दावा है कि चड्ढा ने अपने पुराने पोस्ट हटा दिए हैं, जिनमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP की आलोचना की थी। AAP के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने भी कहा कि अब उनके प्रोफाइल पर “मोदी” से जुड़े केवल दो पोस्ट बचे हैं और दोनों ही प्रधानमंत्री की प्रशंसा में हैं। Edited by: Sudhir Sharma

