पुलवामा का बदला! PoK में हमजा ढेर, ‘धुरंधर स्टाइल रिवेंज’ के बाद भारत के अगले मिशन पर चर्चा तेज
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद में पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमजा की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर ने सोशल मीडिया से लेकर सुरक्षा हलकों तक हलचल मचा दी है। गुरुवार को सामने आई इस घटना को कई लोग भारत के 'पुलवामा रिवेंज' के रूप में देख रहे हैं और इसे हालिया चर्चित फिल्म धुरंधर : द रिवेंज की कहानी से जोड़कर चर्चा कर रहे हैं। पुलवामा हमला आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद द्वारा कराया गया था। भारत ने 2022 में हमजा बुरहान को UAPA के तहत आतंकी घोषित किया था। वह अबू दुजाना, अबू कासिम, बुरहान वानी और जाकिर मूसा का करीबी था।
क्या पिछले दिनों आतंकियों की हुई हत्याएं आपसी रंजिश का नतीजा हैं। पाकिस्तान के आतंकियों को Unknown Gunmen का खौफ क्यों हैं। 2019 के बाद से पाकिस्तान के आतंक के कई सरगाने ऐसे ही मारे गए हैं। पिछले 4 से 5 सालों में अब तक 25 से ज्यादा आतंकियों का खात्मा हो चुका है। सामने आया है कि सभी की हत्या अज्ञात हमलावरों के द्वारा की गई है। ये अज्ञात हमलावर कौन हैं, इनका खुलासा नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि हमजा उर्फ हमजा अदनान/बुरहान हमजा लंबे समय से PoK में रहकर कश्मीर घाटी में आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा हमले की साजिश से जुड़े नेटवर्क का अहम हिस्सा माना जाता था। इसी हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे और पूरे देश में आक्रोश की लहर दौड़ गई थी। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स में यूजर्स इसे 'धुरंधर स्टाइल बदला' बता रहे हैं।
फिल्म धुरंधर : द रिवेंज में अभिनेता रणवीर द्वारा निभाया गया किरदार दुश्मनों से गुप्त अंदाज में बदला लेता है। इसी वजह से लोग हमजा की हत्या को फिल्मी अंदाज वाले 'टारगेटेड रिवेंज ऑपरेशन' से जोड़ रहे हैं। हालांकि अब तक पाकिस्तान की ओर से हमजा की मौत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। भारतीय एजेंसियों ने भी इस घटना पर सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। लेकिन सुरक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि PoK में हाल के महीनों में जिस तरह आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों की रहस्यमयी हत्याएं बढ़ी हैं, उसने पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क में बेचैनी बढ़ा दी है।
आत्मघाती हमलावर आदिल अहमद डार ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी CRPF काफिले से टकरा दी थी। इसके बाद भारत ने बालाकोट एयरस्ट्राइक कर बड़ा जवाब दिया था। हमले से जुड़े कई आतंकियों और हैंडलर्स को बाद में सुरक्षा बलों ने मार गिराया था। अब हमजा की हत्या के बाद एक बार फिर भारत-पाकिस्तान तनाव, खुफिया एजेंसियों की भूमिका और PoK में चल रहे गुप्त ऑपरेशनों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि इस पूरे मामले में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारत की खुफिया एजेंसियां PoK में सक्रिय आतंकी लॉन्च पैड्स और हैंडलर्स पर लगातार नजर बनाए रखेंगी। हाल के महीनों में कई आतंकी कमांडरों की रहस्यमयी मौतों ने संकेत दिया है कि आतंकियों के लिए अब PoK भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं बचा है। Edited by : Sudhir Sharma

