India-US Trade Deal : 'भारत को भी मिलेगा जीरो टैरिफ का लाभ' , पीयूष गोयल ने राहुल गांधी के दावों को नकारा
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को उन चिंताओं को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि अमेरिका और बांग्लादेश के बीच हुए नए व्यापार समझौते से भारतीय कपड़ा उद्योग को नुकसान होगा। गोयल ने स्पष्ट किया कि भारत और अमेरिका के बीच बन रहे फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत भारत को भी वैसी ही सुविधाएं मिलेंगी। एसबीआई रिसर्च (SBI Research) की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका भारत और बांग्लादेश दोनों से लगभग 7.5 बिलियन डॉलर का टेक्सटाइल आयात करता है।
विपक्ष और राहुल गांधी पर सीधा हमला
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि वह संसद में झूठ फैला रहे हैं। गोयल ने कहा कि राहुल गांधी ने दावा किया कि बांग्लादेश को भारत से अधिक व्यापारिक लाभ मिला है। यह पूरी तरह गलत है। जैसे बांग्लादेश को यह सुविधा मिली है कि अमेरिका से कच्चा माल खरीदकर तैयार कपड़ा वापस वहां भेजने पर 'जीरो टैरिफ' लगेगा, वैसी ही सुविधा भारत के पास भी है। राहुल गांधी को देश के किसानों, मछुआरों और MSME श्रमिकों से माफी मांगनी चाहिए।
क्या है विवाद की जड़
हाल ही में अमेरिका और बांग्लादेश ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत पारस्परिक टैरिफ को 20% से घटाकर 19% कर दिया गया है। इसमें एक विशेष क्लॉज यह भी है कि यदि बांग्लादेश, अमेरिकी कपास (Cotton) या मैन-मेड फाइबर का उपयोग कर कपड़े बनाता है, तो उसे अमेरिका में जीरो-टैरिफ एक्सेस (शून्य शुल्क) मिलेगा।
भारतीय निर्यातकों के बीच चिंता थी कि इससे अमेरिकी बाजार में बांग्लादेशी कपड़े सस्ते हो जाएंगे और भारतीय टेक्सटाइल की प्रतिस्पर्धा कम हो जाएगी। मंत्री गोयल ने भरोसा दिलाया कि भारत और अमेरिका के बीच पिछले हफ्ते एक अंतरिम व्यापार सौदे (Interim Trade Deal) को अंतिम रूप दिया गया है, जिसका विस्तृत ब्यौरा मार्च में सामने आएगा। Edited by : Sudhir Sharma