बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Pathankot, terrorist attacks
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 4 जनवरी 2016 (21:39 IST)

पठानकोट हमले को लेकर कांग्रेस का राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण : भाजपा

पठानकोट हमले को लेकर कांग्रेस का राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण : भाजपा - Pathankot, terrorist attacks
नई दिल्ली। भाजपा ने सोमवार को आरोप लगाया कि पठानकोट हमले से निपटने के सरकार के तरीके पर सवाल खड़ा करके कांग्रेस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रही है और आतंकवाद की समस्या के लिए जिम्मेदार लोगों को इसे हल करने की कोशिश कर रहे लोगों से सवाल नहीं करना चाहिए।
भाजपा के सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब अभियान चल रहा हो, ऐसे में कांग्रेस इस पर राजनीति कर रही है। बेहतर होगा कि हम आतंकवाद को राजनीतिक रंग नहीं दें। आतंकवाद तीन दशक से अधिक पुरानी समस्या है और यह हमें कांग्रेस से विरासत में मिली है। 
 
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लगातार इस समस्या को सुलझाने के लिए काम कर रही है। कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। समस्या के लिए जिम्मेदार लोगों को इसका समाधान करने के प्रयास कर रहे लोगों से सवाल नहीं करना चाहिए। 
 
शर्मा ने कहा कि भारत में आतंकवाद के लिए जिम्मेदार लोगों को देश अपनी भाषा में जवाब देगा, लेकिन उन्होंने पठानकोट हमले के भारत-पाक वार्ता पर संभावित असर पर सधी हुई प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सही समय पर फैसला किया जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक राय बनाने में कड़ी मेहनत की है और इससे तथा भारत की आर्थिक प्रगति से हताश लोग आतंकी हमले के पीछे हैं। भाजपा के सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान के साथ बातचीत शुरू करने का सरकार का फैसला दुनिया को यह दिखाने के उसके इरादे से प्रेरित है कि वह पड़ोसी देश के साथ शांति चाहता है और लाहौर में मोदी का अचानक दौरा इन प्रयासों का हिस्सा था। हालांकि उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने आतंकवाद पर ध्यान केंद्रित रखा है। मोदी ने दुनियाभर में अपनी वार्ताओं में और पाकिस्तान के साथ बातचीत में भी इस विषय को प्रमुखता दी है।
 
एक सूत्र ने कहा कि दुनिया के प्रमुख देशों को पता होना चाहिए कि हम आतंकवाद के शिकार हैं और हमने पाकिस्तान के साथ काम करने के लिए अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास किए हैं ताकि हमें हमारी भविष्य की कार्रवाइयों में उनका समर्थन मिले। सूत्र के अनुसार कि हम बातचीत में भरोसा रखते हैं लेकिन आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की हमारी नीति रहेगी। (भाषा)