गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Opposition to the Citizenship Amendment Bill in Delhi
Written By
Last Updated : सोमवार, 16 दिसंबर 2019 (01:41 IST)

असम से दिल्ली पहुंची आक्रोश की 'आग', डीटीसी की 6 बसें जलाईं, हिंसा के बाद 15 मेट्रो स्टेशन बंद

असम से दिल्ली पहुंची आक्रोश की 'आग', डीटीसी की 6 बसें जलाईं, हिंसा के बाद 15 मेट्रो स्टेशन बंद - Opposition to the Citizenship Amendment Bill in Delhi
नई दिल्ली। नागरिकता अधिनियम विरोधी प्रदर्शन में आक्रोश की आग असम से निकलकर देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंच गई है। प्रदर्शनकारियों का रविवार को पुलिस के साथ संघर्ष हो गया और उन्होंने डीटीसी की 6 बसों, 2 पुलिस वाहन और एक अग्निशमन गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि इस हिंसक प्रदर्शन में 6 सिपाही और 2 दमकलकर्मी जख्मी हो गए।

पढ़िए, दिल्ली में बवाल का ताजा हाल...
 
- देर रात तक हजारों छात्र दिल्ली में पुलिस मुख्यालय के सामने मौजूद हैं
- पिछले 6 घंटों से छात्रों का यहां जमावड़ा लगा हुआ है, जिन्हें ठंड की भी चिंता नहीं है
- छात्रों का आरोप है कि उसने जामिया यूनिवर्सिटी में बिना अनुमति के प्रवेश किया
- यूनिवर्सिटी में छात्रों को पीटा, आंसू गैस के गोले छोड़े 
- कई छात्रों को हिरासत में लिया, सूत्रों के अनुसार 50 छात्र गिरफ्तार 
- एक छात्र ने बताया कि होली फैमेली अस्पताल में पुलिस की बर्बरता से 51 घायल छात्र भर्ती 
- जामिया और जेएनयू के छात्र पुलिस और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं
- पथराव में डीसीपी, 2 एसीपी और 5 एचएसओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल
 
- हिंसक प्रदर्शन के बीच दिल्ली के 15 मेट्रो स्टेशन को बंद करने का फैसला 
- देर रात दिल्ली में हालात काबू में होने का दावा 
- दिल्ली के बवाल का असर अलीगढ़ पर भी हुआ
- अलीगढ़ में 16 दिसम्बर की रात तक इंटरनेट सेवा बंद 
- अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) 5 जनवरी तक बंद
- रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद ने कहा 5 जनवरी तक कोई भी कक्षा या परीक्षा आयोजित नहीं होगी 
- पांच जनवरी तक कोई भी कक्षा या परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी: एएमयू रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद।
- बंगाल में स्थिति को देखते हुए गुवाहाटी, न्यू अलीपुरद्वार और न्यू जलपाईगुड़ी से पूर्वी क्षेत्र में जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द 
 
- दिल्ली में प्रभावित क्षेत्रों में सोमवार को सभी स्कूल बंद।
- दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर देर रात छात्रों का प्रदर्शन।
- प्रदर्शनकारी छात्रों की दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी।
- केंद्र सरकार के निर्देश, दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों से सख्ती से निपटे।दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा कि घटनास्थल पर दमकल की 4 गाड़ियां भेजी गई हैं। प्रदर्शनकारियों की हिंसा में एक दमकल गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पटना में भी उपद्रव, पुलिस चौकी और वाहनों में आग लगाई :  नागरिकता (संशोधन) कानून के विरोध में रविवार देर शाम यहां कारगिल चौक पर प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने एक पुलिस चौकी सहित चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही, उनके द्वारा किए गए पथराव में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए।
 
पटना की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने बताया कि प्रदर्शन में शामिल असमाजिक तत्वों द्वारा पथराव और आगजनी की गई। उपद्रवियों ने 4 वाहनों और 1 पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया। हालांकि स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों की पहचान कर ली गई और उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की जा रही, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

जामिया परिसर में जबरन घुसी पुलिस : जामिया के मुख्य प्रॉक्टर ने कहा कि पुलिस जबरन परिसर में घुसी और उसने कोई अनुमति नहीं ली गई। प्राक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने कर्मचारियों, छात्रों को पीटा गया, उन्हें परिसर से जाने को मजबूर किया गया।
 
इसी बीच जामिया की कुलपति नजमा अख्तर ने कहा कि लाइब्रेरी के भीतर मौजूद छात्रों को निकाला गया और वे सुरक्षित हैं। पुलिस की कार्रवाई निंदनीय है। यहां पर अब हालात काबू में है। छात्रों को परिसर से बाहर कर दिया है।

जामिया यूनिवर्सिटी के छात्रों ने खुद को अलग किया : जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी के छात्रों के समूह ने बयान जारी कर नागरिकता अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा से खुद को अलग किया। छात्रों के एक समूह ने कहा कि हिंसा और आगजनी से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाए कि स्थानीय तत्व प्रदर्शन में शामिल हो गए और उन्होंने इसे बाधित किया।

सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन का प्रवेश एवं निकास द्वार बंद : दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए रविवार शाम को सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन का प्रवेश एवं निकास द्वार बंद कर दिया। डीएमआरसी ने ट्वीट किया, दिल्ली पुलिस की सलाह पर सुखदेव विहार के प्रवेश एवं निकास द्वार तथा आश्रम स्टेशन के गेट नंबर 3 को बंद कर दिया गया है। ट्रेन सुखदेव विहार स्टेशन पर नहीं रुकेगी।

पुलिस पर परेशान करने का आरोप : कांग्रेस से संबद्ध नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव सिमॉन फारूकी ने दावा किया कि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से मथुरा रोड पर बैठे थे तभी पुलिस ने उनमें से कुछ को परेशान करने का प्रयास किया, जिसका उन्होंने विरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन हिंसक हो जाने के कारण वे जामिया यूनिवर्सिटी परिसर में लौट आए और परिसर में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं।

पुलिस ने लाठीचार्च किया : कुछ प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि जब वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। फारूकी ने कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले छोड़े। एक छात्र ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों द्वारा बल प्रयोग करने के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने बसों में आग लगा दी और तोड़फोड़ की।

केजरीवाल ने की शांति की अपील : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसी भी तरह की हिंसा अस्वीकार्य है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने दिल्ली के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

जामिया यूनिवर्सिटी की लायब्रेरी में तोड़फोड़ : जामिया को देश की श्रेष्ठ यूनिवर्सिटी माना जाता है। यहां पर देर शाम यूनिवर्सिटी की लायब्रेरी में तोड़फोड़ की गई। यह तोड़फोड़ तब हुई, जब वहां कई छात्र और छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे। छात्राओं ने टेबल के नी‍चे घुसकर किसी तरह खुद की जान बचाई। यह भी पता चला है कि उर्दू विभाग में कुछ छात्रों ने अपने आपको बंद कर लिया है। जामिया इलाके में यूनिवर्सिटी के बाहर कई 2 पहिया वाहन भी जलते हुए दिखाई दिए।

प्रियंका गांधी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का काफिला रात 7.30 बजे फ्रेंड्‍स कॉलोनी से निकला। जब नेशनल टीवी के एक संवाददाता ने उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही तो वे चुप रहीं। संवाददाता प्रियंका की कार के पीछे दौड़ा भी लेकिन तब तक उनकी कार आगे बढ़ चुकी थी। इस इलाके में प्रियंका का एक फ्लैट भी है।

मनीष सिसोदिया का भाजपा पर आरोप : दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि भाजपा घटिया राजनीति पर उतर आई है। वह पुलिस से आग लगवा रही है। मनीष ने ट्‍वीट करके कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की है। उनका आरोप है कि भाजपा चुनाव में संभावित हार को देखते हुए अराजकता पर उतर आई है।

किन बसों में तोड़फोड़ की गई : नोएडा से न्यू फ्रैंड्स कॉलोनी की तरफ आने वाली बसों में तोड़फोड़ की गई है। कुछ सरकारी बसों में यात्री बैठे हुए थे, तभी अचानक भीड़ आई और लाठी-डंडों और पत्थरों से बस पर हमला कर दिया। कई बसों में आग लगा दी गई है, जिसके बाद बाहर खड़े राहगीर भी मौके से भागते नजर आए।

इन क्षेत्रों में तनावपूर्ण स्थिति : राजधानी दिल्ली के ओखला, जामिया और कालिंदी कुंज वाले इलाके में रविवार देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी बयान जारी किया है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि ओखला अंडरपास से सरिता विहार इलाके में प्रदर्शन की वजह से ट्रैफिक बाधित हुआ है। इस रोड से जाने से यात्री बचें। न्यू फ्रैंड्स कॉलोनी के सामने मथुरा रोड को भी प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया।
फोटो सौजन्‍य : टि्वटर
ये भी पढ़ें
दिल्ली पुलिस ने 50 छात्रों को रिहा किया, प्रदर्शनकारियों का धरना खत्म, जामिया कैंपस में 5 जनवरी तक छुट्टी