1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Mansukh Mandviya in loksabha on jobs and employment

लोकसभा में बोले मंत्री मनसुख मांडविया, 10 साल में 17 करोड़ युवाओं को नौकरियां और रोजगार

mansukh mandviya
Mansukh Mandviya in loksabha : केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में 10 वर्ष के दौरान 17 करोड़ से अधिक युवाओं को नौकरियां तथा रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 5 साल में 4 करोड़ से अधिक रोजगार निर्माण की योजना है।
 
उन्होंने सदन में प्रश्नकाल के दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा के पूरक प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि आने वाले कुछ वर्षों में चार करोड़ रोजगार का सृजन किया जाएगा। रूचि वीरा ने सवाल किया था कि क्या सरकार की स्थायी रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कोई विशेष योजना है?
 
इसके उत्तर में मांडविया ने कहा कि पिछले 10 साल में मोदी जी के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार का निर्माण हुआ। पिछले 16 महीनों में ही 11 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मेला के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया गया।
 
उन्होंने सदन को बताया कि संप्रग सरकार के 10 साल के कार्यकाल में केवल तीन करोड़ रोजगार का निर्माण हुआ था। लेकिन रिजर्व बैंक के आकलन के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में पिछले 10 साल में 17 करोड़ से अधिक युवाओं को नौकरियां एवं रोजगार प्राप्त हुए।
मांडविया ने कहा कि मोदी जी ने आने वाले 5 साल में रोजगार सृजन के लिए कार्य योजना बनाई हैं। आने वाले 5 साल में चार करोड़ से अधिक रोजगार का निर्माण करने के लिए 2 लाख करोड़ रुपए की विकसित भारत रोजगार योजना की घोषणा की गई है। युवाओं को स्थायी रोजगार मिले, उसके लिए मोदी सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रयास किया है।
 
मंत्री ने कहा कि मुझे खुशी है कि देश के कृषि क्षेत्र में रोजगार निर्माण 19 प्रतिशत हो गया है जो पूर्व की कांग्रेस सरकार में नकारात्मक स्थिति में था। मोदी सरकार में विनिर्माण क्षेत्र में 15 प्रतिशत रोजगार निर्माण हुआ है तथा सेवा क्षेत्र में 36 प्रतिशत रोजगार निर्माण हो रहा है। भारत में बेरोगजारी दर 3.2 प्रतिशत है जो विकसित देशों के बराबर या उनसे कम है।
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
तेज रफ्तार गाड़ी ने स्कूटर को मारी टक्कर, डिलीवरी बॉय की मौत