1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. kalyan banerjee attacked west bengal political row black flags slogans hooghly

पश्चिम बंगाल में सियासी घमासान, TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला, काले झंडे और 'चोर' के नारों से बढ़ा तनाव

Kalyan Banerjee
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अभिषेक बनर्जी के बाद अब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी पर रविवार को हुगली जिले में कथित हमले के बाद नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने उन पर हमला किया। इसमें उनके सिर में गंभीर चोट आई।
खबरों के मुताबिक कल्याण बनर्जी अपने दल के गिरफ्तार नेताओं और कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपने के लिए चंदीतला थाने जा रहे थे। इसी दौरान थाने के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया। लगातार दूसरे दिन टीएमसी नेताओं के साथ हुई इन घटनाओं ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को और गरमा दिया है। मामले को लेकर टीएमसी और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। 
मौजूद लोगों के एक समूह ने उन्हें काले झंडे दिखाए और उनके साथ मौजूद टीएमसी प्रतिनिधिमंडल के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सांसद को 'चोर' कहकर भी संबोधित किया। टीएमसी सांसद का आरोप है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके सिर पर हमला किया गया, जिससे उन्हें चोट लगी और रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद उन्हें सिर के पीछे कपड़ा लगाए हुए देखा गया।  मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ। मेरे सिर पर हमला किया गया और मैं खून बहा रहा हूं। 
 
कल्याण बनर्जी ने इस घटना के लिए भाजपा समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया और पुलिस पर निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया। इसके विरोध में उन्होंने धरना भी दिया और कहा कि टीएमसी भाजपा प्रायोजित हमलों के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगी।

भाजपा ने आरोपों को किया खारिज

भाजपा ने टीएमसी के आरोपों को खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि राज्यभर में स्थानीय लोग टीएमसी नेताओं के खिलाफ अपना आक्रोश जता रहे हैं और विरोध प्रदर्शन उसी का हिस्सा है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले ही टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई थी। अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में चुनाव बाद हिंसा के पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे, जहां स्थानीय लोगों ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

ब्रायन ने गृह मंत्री से मांगा जवाब

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने  पार्टी नेता और लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी पर हुए ‘हमले’ के बाद पश्चिम बंगाल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा है। टीएमसी नेता ने आरोप लगाया कि मतगणना के दिन अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा हटा ली गई थी और उन्होंने इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से स्पष्टीकरण मांगा। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
यूपी में पहले ठप थी भर्ती, योगी सरकार ने 33 हजार से अधिक माध्यमिक शिक्षकों को किया नियुक्त