• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Japanese prime minister to visit India
Written By
Last Modified: शनिवार, 12 दिसंबर 2015 (08:18 IST)

जापानी पीएम मोदी संग करेंगे महाआरती, बुलेट ट्रेन पर होगी बड़ी डील

Japanese prime minister to visit India
नई दिल्ली। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे भारत की तीन दिन की यात्रा पर शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। आज पीएम मोदी और शिंजो आबे की मुलाकात के दौरान बुलेट ट्रेन योजना सहित कई अहम समझौतों पर दस्तखत होने की उम्मीद है। आबे तीन दिन के दौरे पर कल शाम करीब 4 बजे दिल्ली पहुंचे और कल ही उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की।
दोनों देश भारत में बुलेट रेल प्रणाली की स्थापना के 98,000 करोड़ रुपए के एक करार के साथ कुछ अन्य समझौते भी कर सकते हैं। इसके साथ ही आबे शनिवार को मोदी के साथ बनारस जाएंगे और गंगाघाट पर महाआरती में हिस्सा लेंगे। आबे मोदी के साथ वाराणसी में पवित्र नदी गंगा के दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती के मनमोहक आयोजन में शामिल होंगे। नदी में नौकाओं की मदद से एक भव्य अस्थाई मंच तैयार किया गया है जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट की खास मंजूरी लेकर संगीत के लिए म्यूजिक सिस्टम भी लगाया गया है। सेना और नौसेना के कर्मी इस अस्थाई मंच की निगरानी करेंगे और यहीं से दोनों देशों के प्रमुख इस अद्भुत आयोजन के मनोरम दृश्य का आनंद ले सकेंगे।
 
प्राचीन मंदिरों का यह शहर बुद्ध की स्थली सारनाथ से 15 किलोमीटर से भी कम की दूरी पर स्थित है। सारनाथ में ही बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था। जापान सहित अधिकतर दक्षिण पूर्व एशियाई देशों की धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना में सारनाथ का खास महत्व है, जहां बौद्ध धर्मावलंबियों की संख्या अधिक है। शाम को वह दिल्ली वापस आ जाएंगे।
 
जापान के पीएम का यह दौरा दोनो देशों के बीच होने वाली सालाना शिखर बैठक के तहत हो रहा है। पिछली शिखर बैठक टोक्यो में हुई थी, जिसमें दोनो देशों ने आपसी सामरिक साझेदारी के रिश्तों को विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी के रिश्तों में बदलने का फैसला किया था। भारत-जापान के बीच यह 9वीं वार्षिक शिखर बैठक है। (भाषा)