1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. It was Siya who, along with her boyfriend, murdered her fiancé Ketan.

पुणे में इंदौर से भी ज्यादा खौफनाक हत्या, सिया ने ही बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की थी मंगेतर केतन की हत्या

siya ketan
पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में बेहद चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। मृतक केतन के पिता ने बताया कि यह हत्या एक खौफनाक और सोची-समझी साजिश थी। 18 मई को खाई में धक्का देकर मारने से चार दिन पहले यानी 14 जून को भी सिया ने केतन की जान लेने का पूरा बंदोबस्त कर लिया था।

सिया ने केतन को तब भी धक्का देकर खाई में गिराने की कोशिश की। हालांकि तब केतन ने झाड़ी पकड़कर अपनी जान बचाई थी। राज खुलने के डर से सिया ने 'सांप-सांप' का शोर मचाया। केतन अपनी मंगेतर की साजिश को भांप नहीं सका और इसी का फायदा उठाकर ठीक चार दिन बाद सिया ने उसकी हत्या कर दी।

बता दें कि महाराष्ट्र के पुणे जिले में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की सुनियोजित तरीके से खाई में धक्का देकर हत्या की गई और फिर उसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मंगलवार को यह सनसनीखेज खुलासा किया। हलांकि केतन की मौत पर उसकी मंगेतर सिया ने बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान पैर फिसलने से वह खाई में गिर गया और मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सिया का कथित बायफ्रेंड चेतन चौधरी भी इस साजिश में शामिल है।

पुलिस ने अचानक हुई मौत का मामला दर्ज किया। शुरुआत में इस मामले को एक सामान्य हादसा मानते हुए आकस्मिक मृत्यु (ADR) दर्ज की थी। लेकिन जब जांच गहराई से आगे बढ़ी, तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मोबाइल रिकॉर्ड्स में सिया और एक अन्य युवक के बीच 2,004 फोन कॉल्स, घटना से पहले इंटरनेट कनेक्शन बंद किया जाना, लापता पासपोर्ट और अंतिम संस्कार के सिर्फ चार दिन बाद आरोपी का मृतक के घर पहुंचना जैसे सुरागों ने पूरी कहानी बदल दी।

केतन के परिवार का कहना है कि 19 जून को सिया का जन्मदिन था। इससे एक दिन पहले सिया ने प्री-बर्थडे सरप्राइज के बहाने से केतन को लोहगढ़ किले बुलाया। पुणे पुलिस के अनुसार, इस दौरान सिया का कथित प्रेमी चेतन भी पहुंच गया। चेतन ने अपना मोबाइल कोंढवा में अपने घर पर रखा था ताकि किसी को उस पर शक न हो। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपने कपड़े भी बदल लिए थे। चिलचिलाती धूप में हुडी पहनकर लोहागढ़ जाते हुए चेतन का CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लग गया।

किले में जब केतन मोबाइल से तस्वीर ले रहा था, तभी सिया ने उसे खाई में धक्का दे दिया। इसके बाद सिया ने ही पुलिस को फोन किया और कहा कि केतन फिसलकर खाई में गिर गया है। पुलिस और परिवार भी मौके पर पहुंचे। यह सिया गोयल का प्लान B था, जो सफल हो गया और केतन को मौत के घाट उतार दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने इस मामले के आरोपी सिया गोयल और प्रेमी चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया है। केतन की मौत के अगले दिन उसका शव खाई से बरामद किया गया। उससे अगले दिन सिया का बर्थडे था। बता दें कि फरवरी 2026 में केतन और सिया की सगाई हुई थी। पुणे जिले के गहुंजे में रहने वाले 26 साल के केतन एक रियल एस्टेट कारोबारी थे। पुलिस ने बताया कि केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए 18 जून को लोहगढ़ ट्रेकिंग पर गए थे। दोनों की शादी नवंबर में होने वाली थी। खबरों के मुताबिक, दोनों परिवारों ने शादी के लिए राजस्थान में 17 करोड़ रुपये में एक महल बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो निजी विमानों की व्यवस्था की गई थी। घटना के बाद तीन घंटे चले बचाव अभियान के बाद बचाव दल ने केतन का शव बाहर निकाला। 
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
कौन है सिया का प्रेमी चेतन चौधरी, 6 महीनों में 2004 कॉल, 238 घंटे बातचीत और मर्डर के 3 प्लान